


जमशेदपुर में आस्था और श्रद्धा का महापर्व चैती छठ पूरे उल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया जा रहा है। आज व्रतधारियों ने अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर पूजा के महत्वपूर्ण चरण को संपन्न किया।
शहर के विभिन्न नदी घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही व्रती और उनके परिवारजन घाटों पर पहुंचने लगे थे, जहां पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। चैत माह में मनाया जाने वाला छठ पर्व विशेष महत्व रखता है और इसी कड़ी में आज डूबते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा निभाई गई।
घाटों पर महिलाओं और पुरुषों ने पारंपरिक वेशभूषा में सूप, फल, ठेकुआ और अन्य पूजन सामग्रियों के साथ पूजा की। पूरे क्षेत्र में भक्ति गीतों और छठी मैया के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
व्रतधारियों ने अपने परिवार के साथ भगवान भास्कर से सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
अब कल सुबह उदयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ इस महापर्व का समापन होगा।
