जमशेद
पुर: नब्बे दिवसीय जागरूकता अभियान के तहत डालसा के अधिकार मित्रों (पीएलवी) ने न्याय रथ के माध्यम से जमशेदपुर शहर अंतर्गत साकची, जुबली पार्क गेट , सीएच एरिया , साईं मंदिर , सोनारी दारोगा बस्ती , दोमुहानी , मैरीन ड्राइव चौक , राणा प्रताप चौक सहित अन्य जगहों में भीषण गर्मी में ड्युटी निभा रहे ट्रैफिक पुलिसकर्मियों एवं कामगारों के बीच ओआरएस पैकेट और ठंडा जल वितरित कर मानवता का परिचय दिया । इस दौरान ट्रैफिक पुलिसकर्मियों व कामगारों ने कड़ी धूप में राहत की सांस ली और डालसा का आभार व्यक्त किया । इसके अलावा डालसा पीएलवी ने जरूरतमंदों के बीच कानूनी जागरूकता अभियान भी चलाया । इस दौरान डालसा पीएलवी ने लोगों को विभिन्न कानूनों की जानकारी दी और सरकारी योजनाओं के बारे में भी बताया। जागरूकता अभियान के दौरान पीएलवी ने डालसा के कार्य व उद्देश्य, नागरिक के मौलिक अधिकार व कर्तव्य , बाल विवाह, बाल श्रम, घरेलू हिंसा, पोक्सो एक्ट, डायन प्रथा, दुर्घटना क्लेम, आपदा राहत, मानव तस्करी आदि कानूनों के बारे में विस्तार से बताया । साथ ही किसी भी समस्या के समाधान के लिए डालसा कार्यालय में संपर्क करने को कहा गया ।