

जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में बीते 24 फरवरी को हुए जानलेवा हमले में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई है। मृतक की पहचान कमलजीत सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद से ही इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, 24 फरवरी को कमलजीत सिंह पर मिलन नामक युवक ने चापड़ से हमला कर दिया था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद उसे इलाज के लिए पहले रांची के रिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर बाद में उसे जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान बीती रात उसकी मौत हो गई।
कमलजीत सिंह की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए परिजन शव के साथ गोलमुरी थाना पहुंचे और जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
परिजनों का कहना है कि आरोपी मिलन अभी तक फरार है और पुलिस उसे पकड़ने में नाकाम रही है। उन्होंने मांग की है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए।
वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
