
जमशेदपुर : जमशेदपुर में देशभर के साथ आज ईस्टर का पर्व पूरे श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जा रहा है। इस खास मौके पर ईसाई समुदाय के लोग अपने पूर्वजों को याद करने के लिए कब्रिस्तानों में पहुंच रहे हैं। सुबह से ही चर्चों और कब्रिस्तानों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है।
ईस्टर के अवसर पर लोग अपने परिजनों की कब्र पर जाकर फूल-माला अर्पित कर रहे हैं और उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। वातावरण पूरी तरह से भक्ति और भावनाओं से सराबोर नजर आ रहा है।
ईसाई धर्म की मान्यता के अनुसार, गुड फ्राइडे के दिन ईसा मसीह को सूली पर चढ़ाया गया था, लेकिन तीन दिन बाद वे पुनर्जीवित हो गए थे। इसी विश्वास के आधार पर ईस्टर का पर्व जीवन, आशा और पुनर्जन्म के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है।
समुदाय के लोगों का मानना है कि जिस तरह ईसा मसीह पुनर्जीवित हुए, उसी तरह उनके पूर्वज भी मृत्यु के बाद एक नए जीवन की ओर अग्रसर होते हैं। यही कारण है कि इस दिन लोग अपने दिवंगत परिजनों को याद कर उन्हें श्रद्धा-सुमन अर्पित करते हैं और उनके प्रति सम्मान व्यक्त करते हैं।
