Spread the love

जमशेदपुर: शहर में नकली सिगरेट के अवैध कारोबार पर जमशेदपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 39 लाख रुपये मूल्य की 45,600 पैकेट डुप्लीकेट सिगरेट बरामद की है। इस मामले में मानगो थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि इस पूरे रैकेट के तीन कथित संचालक अब भी फरार हैं। पुलिस का कहना है कि नकली सिगरेट शहर की विभिन्न दुकानों में सप्लाई की जा रही थी। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-1) ऋषभ त्रिवेदी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने मानगो के जवाहरनगर रोड नंबर-17 स्थित केरला पब्लिक स्कूल के पीछे ग्राहक बनकर जाल बिछाया। इसी दौरान स्कूटी से नकली सिगरेट की खेप लेकर पहुंचे दो युवकों को पुलिस ने दबोच लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 500 पैकेट नकली सिगरेट और एक स्कूटी बरामद की गई। पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि वे कपाली के इस्लामनगर स्थित एक गोदाम से नकली सिगरेट लाकर शहर के अलग-अलग दुकानों में सप्लाई करते थे। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने गोदाम में छापेमारी की, जहां 19 प्लास्टिक के बोरों में रखे 45,600 पैकेट डुप्लीकेट सिगरेट बरामद किए गए। जब्त सिगरेट की अनुमानित कीमत करीब 39 लाख रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उवैद अंसारी और एहतेशाम शमीम के रूप में हुई है। वहीं गोदाम के संचालक वली आजम, शहनवाज दानिश और एस.के. परवेज फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। इस संबंध में मानगो थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं तथा कॉपीराइट एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस इस नकली सिगरेट नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।

error: Content is protected !!
Exit mobile version