
जमशेदपुर: साकची थाना क्षेत्र स्थित काशीडीह के सगुण पैलेस अपार्टमेंट में सोमवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग अपार्टमेंट के चौथे तल्ले पर स्थित एक बंद फ्लैट में लगी। बताया जा रहा है कि फ्लैट के मालिक विदेश में रहते हैं और फ्लैट लंबे समय से बंद पड़ा था।
जानकारी के अनुसार फ्लैट के एक कमरे में रखे गद्दे से अचानक धुआं उठने लगा, जिसके बाद आग फैल गई। फ्लैट से धुआं निकलता देख अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों और पड़ोसियों ने तुरंत इसकी सूचना साकची थाना पुलिस और दमकल विभाग को दी।
हालांकि अपार्टमेंट तक जाने वाला रास्ता काफी संकरा होने के कारण दमकल विभाग की बड़ी गाड़ियां मौके तक नहीं पहुंच सकीं। ऐसे में स्थानीय लोगों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए पाइप और पानी की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं दमकल विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। शुरुआती जांच में आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।