
जमशेदपुर: लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच जमशेदपुर में नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ने से बाढ़ का संकट गहरा गया है। सुवर्णरेखा और खरकई नदी के उफान ने शहर के कई निचले इलाकों को अपनी चपेट में ले लिया है। सुवर्णरेखा नदी का जलस्तर 123.98 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 121.50 मीटर से 2.48 मीटर ऊपर है। वहीं खरकई नदी 135.70 मीटर पर बह रही थी, जो खतरे के निशान 129 मीटर से 6.70 मीटर अधिक है। नदियों के बढ़ते जलस्तर के कारण बागबेड़ा, भुइयांडीह, शास्त्रीनगर, भाटिया बस्ती, मानगो और बारीडीह समेत शहर के एक दर्जन से अधिक इलाकों में पानी घुस गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक करीब ढाई हजार घर प्रभावित हुए हैं। कई स्थानों पर चार से पांच फीट तक पानी भर जाने से लोगों को घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा।
बागबेड़ा न्यू बस्ती के 350 से ज्यादा घर प्रभावित
बागबेड़ा न्यू बस्ती में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। यहां 350 से अधिक घरों में पानी घुस गया। स्थानीय लोगों के अनुसार स्लुईस गेट की व्यवस्था नहीं होने के कारण नदी का पानी नाले के रास्ते तेजी से बस्ती में पहुंचा। कई घरों में काफी ऊंचाई तक पानी भर गया। स्थिति का जायजा लेने सीओ और बीडीओ ने इलाके का निरीक्षण किया। प्रभावित लोगों ने प्रशासन से तत्काल राहत और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की मांग की है।
मानगो और कपाली में भी बिगड़े हालात
मानगो के ओल्ड पुरुलिया रोड को जलभराव के कारण बंद करना पड़ा। चाणक्यपुरी में करीब 20 से 25 घरों में पानी घुस गया है। वहीं कपाली क्षेत्र में 150 से अधिक घर बाढ़ की चपेट में हैं। कई परिवारों के सामने सुरक्षित स्थान पर जाने की चुनौती बनी हुई है।
भुइयांडीह में घरों में घुसा पानी
सुवर्णरेखा नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद भुइयांडीह के नदी किनारे बसे इलाकों में स्थिति खराब हो गई। यहां 100 से अधिक घरों में पानी घुसने की सूचना है। जलस्तर बढ़ने के बाद कई परिवारों ने घर के दूसरे तल पर शरण ली।
बारीडीह और आदित्यपुर भी प्रभावित
बारीडीह में करीब 40 घर पानी की चपेट में आ गए हैं। दूसरी ओर आदित्यपुर में 200 से अधिक घरों में पानी घुसने की जानकारी सामने आई है। जलभराव बढ़ने से होटल रमाडा की ओर जाने वाली सड़क तक पानी पहुंच गया है।
शास्त्रीनगर और भाटिया बस्ती में भी जलभराव
शास्त्रीनगर और भाटिया बस्ती में 150 से अधिक घरों में पानी घुस गया है। कई वाहन भी जलभराव में डूब गए। कुछ घरों में पानी काफी ऊपर तक पहुंचने से लोगों को सुरक्षित स्थानों की ओर जाना पड़ा।
शास्त्रीनगर में युवक के लापता होने की चर्चा
शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर दो में बाढ़ के बीच टीपू नामक युवक के लापता होने की चर्चा मंगलवार रात इलाके में फैल गई। हालांकि युवक के लापता होने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। प्रशासन और स्थानीय स्तर पर मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। लगातार बारिश और दोनों प्रमुख नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए शहर के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर नजर रखी जा रही है।