
पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच कमोडिटी बाजार में बड़ी हलचल देखने को मिली है। मंगलवार को सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई है। घरेलू वायदा बाजार मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी MCX पर चांदी की कीमत में बड़ी गिरावट आई है। चांदी 9,050 रुपये टूटकर 2 लाख 16 हजार 500 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। वहीं सोना भी करीब 2,360 रुपये गिरकर 1 लाख 37 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार की बात करें तो 24 मार्च को कॉमेक्स पर सोने का भाव 4,361 डॉलर प्रति औंस और चांदी का भाव 68.30 डॉलर प्रति औंस दर्ज किया गया। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव का असर साफ तौर पर कमोडिटी बाजार पर दिखाई दे रहा है।
तेल की कीमतों में तेजी भी कीमती धातुओं पर दबाव बना रही है। ब्रेंट क्रूड ऑयल 100 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर बना हुआ है, जिससे बाजार में अस्थिरता बढ़ गई है।
इस महीने की शुरुआत से ही सोने और चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। दोनों धातुएं अब करीब चार महीने के निचले स्तर पर पहुंच चुकी हैं।
इससे पहले सोमवार को भी MCX पर सोने का भाव 3.61 प्रतिशत गिरकर 1 लाख 39 हजार 280 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 0.59 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2 लाख 25 हजार 423 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।
विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक तनाव और तेल की ऊंची कीमतों के चलते आने वाले दिनों में भी सोने-चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।
