
सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र स्थित खैरबानी के समीप मंगलवार तड़के करीब तीन बजे भीषण सड़क दुर्घटना हुई। इस हादसे में तीन ट्रक और एक ट्रेलर आपस में भिड़ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो ट्रक चालकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद एक ट्रक में आग लग गई और देखते ही देखते पूरा वाहन आग की लपटों में घिर गया। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और राजनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद रूठा माइंस की एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को इलाज के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेजा गया।
इधर, दमकल विभाग की टीम ने काफी प्रयास के बाद जलते ट्रक की आग पर काबू पाया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया है। दुर्घटना के कारण सड़क पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर आवागमन सामान्य कराया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार या लापरवाही के कारण हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा.