Spread the love

जमशेदपुर:

जमशेदपुर के मानगो डिमना स्थित महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक मरीज ने अस्पताल की चौथी मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी। घटना सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच की बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक मरीज मेडिसिन विभाग के पार्ट-1 के बेड नंबर 419 पर भर्ती था। बताया जा रहा है कि वह गंभीर बीमारी से पीड़ित था और नशे का भी आदी था। घटना से पहले उसने अपनी मां को शौच के लिए जाने की बात कही और बेड से उठकर बाहर चला गया।

इसी दौरान वह चौथी मंजिल की खिड़की तक पहुंचा और वहां से छलांग लगा दी। कुछ देर बाद आवाज सुनकर उसकी मां ने शोर मचाया, जिसके बाद अस्पताल कर्मियों की मदद से उसे तुरंत इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। हालांकि, जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहीं, सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version