आज झारखंड क्षत्रिय संघ के प्रतिनिधियों ने बिष्टुपुर चाय दुकान की घटना की पीड़िता मेहंदी कुमारी के परिवार से मुलाकात की। मालूम हो कि कुछ असामाजिक तत्वों ने उन पर उबलती
चाय फेंक दी थी, जिससे वो बुरी तरह जल गईं थी। पीड़िता के माता-पिता ने बताया कि जहां उनकी चाय की दुकान है वहां अपराधी प्रवृत्ति के लोगों ने पूरा माहौल ख़राब कर दिया है। उन्होंने झारखंड क्षत्रिय संघ युवा मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल के सामने इस जघन्य घटना के दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और मामले की त्वरित सुनवाई की मांग की। कुमार प्रभाकर सिंह के नेतृत्व में उपस्थित प्रतिनिधिमंडल ने पीड़िता के माता-पिता को आश्वासन दिया कि झारखंड क्षत्रिय संघ उनके साथ है। यदि सभी दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार नहीं किया गया तो पूरा समाज विरोध प्रदर्शन करेगा। झारखंड क्षत्रिय संघ के प्रतिनिधिमंडल में महासचिव कुमार प्रभाकर सिंह, संगठन मंत्री दिनेश सिंह, सोनारी मंडल अध्यक्ष अभिषेक सिंह और सोनारी मंडल उपाध्यक्ष पवन सिंह शामिल थे।

