Spread the love

जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र का परदेसीपाड़ा इलाका मंगलवार सुबह अचानक पुलिस गतिविधियों से घिर गया। कर्नाटक पुलिस की एक टीम यहां पहुंची और एक किराए के मकान में कार्रवाई शुरू की। बताया जा रहा है कि यह पूरी कार्रवाई कर्नाटक के बिदर में हुए चर्चित ATM कैश वैन लूटकांड की जांच से जुड़ी है। हालांकि, स्थानीय पुलिस की ओर से फिलहाल इस मामले में कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।
सूत्रों के अनुसार, बिदर पुलिस ने इस मामले में बिहार के वैशाली से दो संदिग्ध आरोपियों आलोक कुमार और अमन कुमार को हिरासत में लिया गया है। जांच के दौरान दोनों के जमशेदपुर कनेक्शन की जानकारी सामने आने के बाद कर्नाटक पुलिस उन्हें लेकर सोनारी पहुंची। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी अप्रैल में जमशेदपुर आए थे और कुछ समय तक सोनारी के परदेसीपाड़ा इलाके में किराए के मकान में रह रहे थे।

क्या था बिदर ATM कैश वैन लूटकांड?

16 जनवरी 2025 को कर्नाटक के बिदर स्थित शिवाजी चौक के पास एसबीआई एटीएम में कैश डालने पहुंची CMS Cash Logistics की टीम पर हथियारबंद अपराधियों ने हमला कर दिया था। बदमाशों ने पहले कैश डिलीवरी स्टाफ पर मिर्च पाउडर फेंका और इसके बाद गोलीबारी करते हुए कैश से भरा ट्रंक लेकर बाइक से फरार हो गए। वारदात में बड़ी रकम लूटे जाने की बात सामने आई थी। घटना के दौरान दो सुरक्षा गार्डों को गोली लगी थी। गार्ड गिरी वेंकटेश की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल दूसरे गार्ड शिव काशीनाथ ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था।

जमशेदपुर में क्यों पहुंची कर्नाटक पुलिस?

जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को आरोपियों के जमशेदपुर में रहने की जानकारी मिली। इसी कड़ी में दोनों आरोपियों को लेकर कर्नाटक पुलिस सोनारी पहुंची। माना जा रहा है कि टीम परदेसीपाड़ा स्थित मकान में लूट की रकम, हथियार या वारदात से जुड़े अन्य साक्ष्यों की तलाश कर रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में कुल चार आरोपियों के शामिल होने की बात सामने आई है। कथित मास्टरमाइंड अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताया जा रहा है। उसकी तलाश में भी जांच एजेंसियां जुटी हुई हैं।

हैदराबाद में भी फायरिंग से जुड़ा कनेक्शन

जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि बिदर की वारदात वाले दिन ही आरोपियों ने हैदराबाद में एक ट्रैवल एजेंसी के मैनेजर पर गोली चलाई थी। इस घटना को भी ATM कैश वैन लूट से जोड़कर जांच की गई। पुलिस ने लूट में इस्तेमाल हथियार, बैग और कुछ नकदी बरामद किए जाने की जानकारी दी थी। फिलहाल सोनारी के परदेसीपाड़ा में कर्नाटक पुलिस की कार्रवाई जारी है। स्थानीय पुलिस या कर्नाटक पुलिस की आधिकारिक पुष्टि के बाद ही बरामदगी और जांच से जुड़े अन्य तथ्यों की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।

error: Content is protected !!
Exit mobile version