Spread the love

अक्षर संवाद पटमदा, जमशेदपुर 
 क्रिकेट लिजेंड सचिन तेंदुलकर के जन्मदिन पर एसएस +2 उच्च विद्यालय, पटमदा मैदान पर सचिन एकादश एवं मिताली राज एकादश के बीच मिक्स जेंडर मुकाबला खेला गया।  सचिन एकादश की कप्तान पूजा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। सचिन एकादश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 5 ओवर्स में एक विकेट के नुकसान पर कुल 53 रन बनाए। 54 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मिताली राज एकादश की शुरुआत बेहद धीमी रही, मिताली एकादश 5 ओवर्स की समाप्ति पर एक विकेट खोकर कुल 27 रन ही बना सकी, और सचिन एकादश ने मैच 26 रनों के बड़े अंतर से जीत लिया। विजेता दल को सचिन तेंदुलकर के ऑटोग्राफ वाली ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया, वहीं नाबाद 29 रन बनाने वाले प्रकाश ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ रहे। खेल के शुरुआत से पहले मास्टर ब्लास्टर सचिन की जीवनी बच्चों को सुनाई गई, बताया गया कि सचिन दुनिया के महानतम बल्लेबाजों में से एक हैं, अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन, सबसे ज्यादा शतक जैसे अनगिनत अद्वितीय रिकॉर्ड्स उनके नाम है, उन्होंने दो दशक से भी ज्यादा समय तक खेलकर देश का मान बढ़ाया, उन्हें उनके कार्यों के लिए भारत रत्न और पद्म विभूषण जैसे सर्वोच्च नागरिक सम्मानों से नवाजा गया है। सचिन अपने उत्कृष्ट खेल के साथ-साथ अपने बेहतरीन व्यक्तित्व व आदर्शों के लिए जाने जाते है। एक खिलाड़ी या किसी भी इंसान का जीवन हमेशा उतार चढ़ाव से भरा होता है, सचिन जब फॉर्म में नहीं रहते थे, तो भी वह आलोचनाओं से विचलित नहीं होते थे, जमकर मेहनत करते थे, और रन बनाकर आलोचनाओं का जवाब देते थे। इस तरह वह लगातार मेहनत करते हुए रनों के एवरेस्ट पर पहुंच गए, जहां पहुंच पाना वर्तमान समय में लगभग असम्भव जैसा ही है। बताते चलें कि समाज में बालक-बालिका समानता लाने के उद्देश्य से शुरू मिक्स जेंडर क्रिकेट को सचिन तेंदुलकर की सराहना मिली है, जिसके बाद झारखंड से शुरू यह अभियान अब कई राज्यों और देशों तक जा पहुंचा है। मौके पर पटमदा के विभिन्न गांवों के बच्चों से सजी सचिन एकादश, मिताली एकादश के बाल खिलाड़ी, एसएस +2 उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यक डॉ मिथिलेश कुमार, खेल शिक्षक महेश द्विवेदी, पटमदा क्रिकेट अध्यक्ष सुशांत दत्ता, बोड़ाम क्रिकेट अध्यक्ष बृंदावन महतो, शिक्षाविद् आकाश महतो, मिक्स जेंडर क्रिकेट शुरू करने वाली सामाजिक संस्था निश्चय फाउंडेशन के संस्थापक तरुण कुमार व अन्य प्रमुख रूप से मौजूद थे। मिक्स जेंडर क्रिकेट को लेकर अब ग्रामीण बच्चों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। मिक्स जेंडर टीमों की कप्तान पूजा रानी महतो, रीना पॉल व साथी बच्चों ने बताया कि खेल के मैदान पर हमारे बातचीत व व्यवहार से सामाजिक मुद्दों के प्रति भी हमारी जागरूकता बढ़ रही है, अब हम सभी बच्चे खेल आयोजनों का बेसब्री से इंतजार करते है।
error: Content is protected !!
Exit mobile version