Spread the love

जमशेदपुर: यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” के तहत टाटानगर रेलवे स्टेशन पर एक शातिर जेबकतरे को गिरफ्तार किया गया है। संयुक्त टीम ने उसके पास से चोरी किया गया मनी पर्स भी बरामद किया है। आरपीएफ चक्रधरपुर मंडल के मंडल सुरक्षा आयुक्त और जमशेदपुर के रेल पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर स्टेशन परिसर में विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने संदिग्ध गतिविधियों में शामिल एक युवक को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक यात्री का चोरी हुआ पर्स बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कपाली निवासी मोहम्मद सद्दाम उर्फ राजा बाबू (21) के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि उसने बीती रात स्टेशन परिसर में एक यात्री की जेब से पर्स उड़ा लिया था। सुरक्षा बलों की मुस्तैदी के कारण आरोपी को चोरी के सामान के साथ ही पकड़ लिया गया।

पुलिस जांच में यह भी पता चला कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है। वह पूर्व में भी चोरी के मामलों में तीन बार रेल थाना टाटानगर से जेल जा चुका है और उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। कार्रवाई के बाद आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के लिए रेल थाना टाटानगर को सौंप दिया गया। अभियान का नेतृत्व आरपीएफ के एएसआई बलबीर प्रसाद ने किया। पूरी कार्रवाई पोस्ट कमांडर आरपीएफ टाटानगर और जीआरपी थाना प्रभारी की निगरानी में संपन्न हुई। रेलवे सुरक्षा एजेंसियों ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत आरपीएफ या जीआरपी को दें। अधिकारियों ने कहा कि रेलवे परिसरों में अपराध रोकने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” आगे भी जारी रहेगा।

error: Content is protected !!
Exit mobile version