
जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र के रामजनमनगर में 2 जुलाई की रात हुई गोलीबारी मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा, जिंदा गोली, खोखा, मोबाइल फोन और बाइक बरामद की है। प्रारंभिक जांच में गोलीबारी की वजह मकान को लेकर पुराना विवाद सामने आया है।जानकारी के अनुसार, 2 जुलाई की रात रामजनमनगर स्थित बजरंगबली मंदिर के पास रहने वाले सजग राही को उसके घर के समीप दो युवकों ने मुंह में गोली मार दी थी। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल सजग राही को पुलिस और परिजनों की मदद से इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए कदमा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई और वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों नामजद आरोपियों कृष्णा सोना और अनिल सोना को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक देशी कट्टा, एक 8 एमएम का जिंदा कारतूस, एक खोखा, दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपियों और घायल के बीच मकान को लेकर पुराना विवाद चल रहा था, जिसके कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और वर्ष 2024 में दर्ज एक मारपीट के मामले में भी दोनों नामजद आरोपी हैं।