
जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र के मानगो बाजार टैंक रोड स्थित कोलकाता ज्वेलर्स में रविवार तड़के चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोरों ने दुकान की छत पर लगी टीन शेड को काटकर अंदर प्रवेश किया और करीब 4 किलो चांदी के जेवरात तथा नकदी लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, दुकान संचालक जितेंद्र कुमार शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे दुकान बंद कर घर गए थे। रविवार सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का सामान बिखरा पड़ा मिला। जांच करने पर पता चला कि दुकान में चोरी हो चुकी है। इसके बाद उन्होंने तत्काल मानगो थाना पुलिस को सूचना दी।
दुकान संचालक ने बताया कि चोर छत पर लगे टीन शेड की दो परतों को काटकर दुकान के अंदर घुसे थे। चोर दुकान में रखे करीब 4 किलो चांदी के जेवरात और कैश बॉक्स में रखे लगभग 8 हजार रुपये नकद अपने साथ ले गए। चोरी की कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
चोरों ने दुकान में रखी तिजोरी को भी तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे इसमें सफल नहीं हो सके। तिजोरी सुरक्षित रहने के कारण उसमें रखे सोने के जेवरात चोरी होने से बच गए। यदि तिजोरी टूट जाती तो नुकसान और भी अधिक हो सकता था।
घटना के बाद स्थानीय व्यवसायियों में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।