

जमशेदपुर: टाटानगर स्टेशन से बादाम पहाड़ मार्ग की ओर जा रही खाली कोच वाली ट्रेन की चपेट में आने से तीन मवेशियों की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना बुधवार दिन में सुंदरनगर रेलवे फाटक के पास हुई।
हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया और रेल कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेल कर्मियों की मदद से मवेशियों के शव को ट्रैक से हटवाया गया।
कुछ देर के लिए टाटानगर-हल्दीपोखर रेल लाइन पर ट्रेनों का आवागमन प्रभावित रहा, हालांकि शव हटाए जाने के बाद परिचालन फिर से सामान्य कर दिया गया।
फिलहाल, इस घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर पशुपालकों में भी चिंता का माहौल है।
