
चांडिल: चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के चिलगु मोड़ पर सोमवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में चिलगु निवासी जितेन दास की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह एक भारी वाहन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी हरेलाल महतो मृतक के घर पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता भी प्रदान की।
इधर, घटना के बाद स्थानीय लोगों में पुल निर्माण कार्य को लेकर नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों का आरोप है कि चिलगु मोड़ पर निर्माणाधीन पुल का कार्य काफी धीमी गति से चल रहा है। इसके कारण नेशनल हाईवे का एक हिस्सा सिंगल लेन में संचालित हो रहा है, जिससे आए दिन जाम की स्थिति बनती है और सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य में हो रही देरी आम लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बन गई है। लोगों ने प्रशासन और संबंधित निर्माण एजेंसियों से पुल निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की है ताकि सड़क को सुरक्षित और सुगम बनाया जा सके।
साथ ही ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने मृतक जितेन दास के परिजनों को सरकारी सहायता एवं उचित मुआवजा देने की मांग भी उठाई है। स्थानीय लोगों ने इस हादसे को सड़क सुरक्षा और अधूरे निर्माण कार्यों से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए प्रशासन से त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।