
जमशेदपुर: देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर टाटा वर्कर्स यूनियन, जमशेदपुर की ओर से शनिवार को विभिन्न स्थानों पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। तय कार्यक्रम के अनुसार सुबह 7 बजे टाटा वर्कर्स यूनियन परिसर में यूनियन के सहायक सचिव श्याम बाबू ने ध्वजारोहण किया और तिरंगे को सलामी दी।
इसके बाद सुबह 7:15 बजे टाटा वर्कर्स यूनियन कैंसर रेस्ट हाउस में सह-अध्यक्ष शैलेश कुमार सिंह ने ध्वजारोहण किया। वहीं, सुबह 7:30 बजे साकची स्थित बारी मैदान में टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान स्कूल साउथ पार्क, बिष्टुपुर के बच्चों ने राष्ट्रगान और देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। बच्चों की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में देशभक्ति और उत्साह का माहौल बना दिया।
कार्यक्रम में टाटा वर्कर्स यूनियन के उपाध्यक्ष शाहनवाज आलम, संजय कुमार सिंह, राजीव कुमार चौधरी, सहायक सचिव श्याम बाबू, ऑफिस इंचार्ज धर्मवीर कुमार सिंह सहित यूनियन कार्यकारिणी समिति के कई सदस्य और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।