

जमशेदपुर में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं। उलीडीह थाना क्षेत्र के डिमना बस्ती मेन रोड पर बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने विक्की सिंह राजपूत को गोली मारकर इलाके में सनसनी फैला दी।
घटना सोमवार सुबह की है, जब विक्की सिंह राजपूत अपनी कार से दूध लेने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार दो अपराधियों ने उनकी गाड़ी को रुकवाया और करीब से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने तीन राउंड फायरिंग की।
इस हमले में विक्की सिंह के हाथ में गोली लगी है। घटना के तुरंत बाद उन्हें इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों में डर बना हुआ है।
सूचना मिलते ही उलीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द से जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।
