जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र के सरजामदा स्थित बांधडीह में बुधवार देर रात 27 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सोपोडेरा निवासी रोहित मुंडा के रूप में हुई है। गुरुवार सुबह सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, रोहित बुधवार रात सालगाझरी इलाके में अपने कुछ दोस्तों के साथ एक पार्टी में शामिल हुआ था। पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, लेकिन उस समय मामला शांत हो गया। बाद में सभी अपने-अपने घर लौट गए। आरोप है कि बांधडीह पहुंचने के बाद विवाद फिर से शुरू हो गया और कुछ युवकों ने रोहित पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद घायल रोहित को तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय परिजन उसे घर ले आए। परिजनों के मुताबिक, घर पहुंचने के बाद उसने पानी पिया और कुछ देर तक सामान्य नजर आया, लेकिन अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी की गई, इससे पहले ही उसकी मौत हो गई। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यदि घायल को समय पर अस्पताल पहुंचाया जाता, तो क्या उसकी जान बचाई जा सकती थी।
मामले में बाइक चोरी के शक को भी हत्या की एक संभावित वजह माना जा रहा है। मृतक के एक साथी का दावा है कि पार्टी के बाद एक युवक की बाइक को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद रोहित के साथ मारपीट की गई। हालांकि पुलिस ने अभी इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
मृतक के परिजनों ने बस्ती के ही सुजल, हरिपद समेत कई युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का दावा है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
Trending
- सावन महोत्सव पर स्वदेशी जागरण मंच की महिला कार्यकर्ताओं ने आयोजित की संगोष्ठी
- 2 दिन में ही ऑस्ट्रेलिया ने लिया हार का बदला, पारी और 51 रन से बांग्लादेश को हराया
- Colombo Test: पडिक्कल का लगातार दूसरे शतक से भारत मजबूत, भारत अच्छी स्थिति में
- बख्तियारपुर में भीषण अग्निकांड, सास-बहू और 6 माह की बच्ची की जिंदा जलकर मौत
- उलीडीह में दिनदहाड़े महिला से चेन स्नैचिंग, CCTV फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश तेज
- झारखंड में 24 अगस्त से छात्रों का बड़ा अभियान, शिबू सोरेन के गांव से निकलेगी भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा
- झारखंड न्यायिक सेवा परीक्षा पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, 35 अभ्यर्थियों को राहत नहीं; याचिका निष्पादित
- सरायकेला में मोबाइल चोरी के शक में दो युवकों की पीट-पीटकर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार


