
जमशेदपुर: शहर में अपराधियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला मानगो थाना क्षेत्र के मानगो गुरुद्वारा बस्ती का है, जहां बुधवार शाम राहुल उर्फ बच्चा नामक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने पहले राहुल पर ताबड़तोड़ चार गोलियां चलाईं और फिर उसके सिर पर पत्थर से हमला कर दिया। गंभीर हालत में उसे टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अज्ञात हमलावरों ने राहुल को घेरकर उस पर लगातार फायरिंग की। गोली लगने के बाद भी हमलावर नहीं रुके और उसके सिर पर पत्थर से वार कर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। राहुल को उसके दोस्त तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों और दोस्तों की भारी भीड़ जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक के दोस्तों का आरोप है कि इस हमले में दर्जनों युवक शामिल थे। उनका कहना है कि कुछ आरोपी गोली चला रहे थे, जबकि अन्य पत्थरों से हमला कर रहे थे। दोस्तों ने दावा किया कि घटना के पीछे एक युवती से बातचीत को लेकर हुआ विवाद कारण हो सकता है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। फिलहाल मानगो थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के कारणों का खुलासा किया जाएगा।