
जमशेदपुर : जमशेदपुर में सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस ने जिला निर्वाचन कार्यालय सह उपायुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में पहुंचे नेताओं और कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जमकर नारेबाजी की। राज्य के अन्य जिला मुख्यालयों पर भी कांग्रेस ने इसी मुद्दे को लेकर प्रदर्शन का कार्यक्रम रखा था।
‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के नारे, पुतला भी फूंका
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के नारे लगाए और ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। एनएसयूआई के छात्र नेता भी प्रदर्शन में शामिल हुए। कार्यकर्ताओं के कार्यालय के अंदर प्रवेश के प्रयास से कुछ देर के लिए गेट के पास स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
SIR को लेकर मतदाता सूची पर उठाए सवाल
कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कई सवाल उठाए। उनका कहना था कि कुछ मतदाताओं के नाम और विवरण में बदलाव अथवा अतिरिक्त अक्षर जुड़ने से उन्हें नोटिस मिल रहे हैं। नेताओं ने दावा किया कि ऐसे मामलों में मतदाताओं को अपनी स्थिति स्पष्ट करने में परेशानी हो रही है।
2003 की सूची और वर्तमान बूथ का अंतर बना परेशानी
प्रदर्शनकारियों ने 2003 की मतदाता सूची में दर्ज बूथ और वर्तमान बूथ के बीच अंतर का मुद्दा भी उठाया। कांग्रेस नेताओं के अनुसार पुराने बूथ का विवरण तलाशने में आम मतदाताओं के साथ चुनाव कर्मियों को भी कठिनाई हो रही है। पार्टी ने आपत्तियों और नोटिसों के समाधान के लिए स्पष्ट व्यवस्था की मांग की।
कांग्रेस बोली-चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता जरूरी
पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष रामाश्रय प्रसाद और जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह समेत नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची से जुड़ी किसी भी आपत्ति का समाधान पारदर्शी तरीके से होना चाहिए। उनका कहना है कि प्रक्रिया के कारण किसी वास्तविक मतदाता को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।












