
कुल्लू : हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में एनएच-305 पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार सवार चार युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा आनी क्षेत्र के हरिपुर के पास हुआ, जहां अनियंत्रित कार सड़क से फिसलकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
शादी समारोह से लौट रहे थे युवक
जानकारी के अनुसार, कार सवार युवक एक शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान निगान-निमला के बीच हरिपुर के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार चार युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। खाई काफी गहरी होने के कारण राहत और बचाव अभियान में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
कई घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की सूचना सोमवार देर रात करीब तीन बजे पुलिस और प्रशासन को मिली। इसके बाद पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया। खाई में गिरी कार तक पहुंचने और शवों को बाहर निकालने में बचाव दल को कई घंटे तक अभियान चलाना पड़ा।
मंगलवार सुबह करीब आठ बजे तक भी राहत एवं बचाव कार्य जारी रहा। स्थानीय लोगों ने भी रेस्क्यू टीम की मदद की।
एक ही गांव के चार युवकों की मौत
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान राहुल राणा (25), बाल कृष्ण, विकास उर्फ विक्की और गुंजन के रूप में हुई है। सभी जाबो गांव, डाकघर कराणा, तहसील आनी के निवासी बताए गए हैं। एक ही गांव के चार युवकों की मौत की खबर मिलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
हादसे में सुरेश कुमार (28), निवासी जाबो घायल हुए हैं। उन्हें स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए नागरिक अस्पताल आनी पहुंचाया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।











