
बोड़ाम/पटमदा/जमशेदपुर : पहली ही गेंद पर कप्तान का विकेट गिरा, लेकिन इसके बाद मामोनी और रिकदेव ने ऐसी साझेदारी निभाई कि खिताब ओलंपियन जयपाल सिंह मुंडा एकादश के नाम हो गया। पीबीपीएल मिक्स जेंडर अंडर-16 क्रिकेट 2026 के फाइनल में टीम ने कैप्टन सलिमा टेटे एकादश को नौ विकेट से हराया। शुक्रवार को बोड़ाम के दिघी भुला +2 उच्च विद्यालय मैदान में हुए मुकाबले में जीत के साथ लड़के-लड़कियों को बराबर अवसर देने का संदेश भी गूंजा।.पटमदा बोड़ाम प्रीमियर लीग कमिटी और निश्चय फाउंडेशन के संयुक्त आयोजन में बच्चों का उत्साह बढ़ाने बड़ी संख्या में ग्रामीण, शिक्षक और अभिभावक पहुंचे।
भक्त रंजन और मिताली ने रखी मजबूत नींव
टॉस जीतकर जयपाल सिंह मुंडा एकादश ने पहले गेंदबाजी चुनी। बल्लेबाजी करने उतरी एसएस +2 उच्च विद्यालय, पटमदा की कैप्टन सलिमा टेटे एकादश ने निर्धारित पांच ओवर में बिना विकेट खोए 51 रन बनाए। उपकप्तान भक्त रंजन महतो ने 17 गेंदों पर नाबाद 24 रन बनाए, जबकि मिताली महतो ने 14 गेंदों में नाबाद 16 रन जोड़े। दोनों की अटूट सलामी साझेदारी ने टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर दिया। मिताली की विकेटों के बीच तेज दौड़ पर दर्शकों ने खूब तालियां बजाईं। दो और तीन रन जुटाने की उनकी कोशिशों ने मुकाबले का रोमांच बढ़ाया।
रिकदेव की तूफानी पारी, मामोनी का अहम साथ
52 रन का लक्ष्य लेकर उतरी दिघी भुला +2 उच्च विद्यालय की जयपाल सिंह मुंडा एकादश को पहली गेंद पर झटका लगा। रूपाली महतो ने कप्तान दीपिका महतो को खाता खोले बिना पवेलियन भेज दिया। इसके बाद रिकदेव महतो और मामोनी ने पारी संभाली। शुरुआत में सावधानी बरतने के बाद रिकदेव ने तेजी से रन जुटाए और 16 गेंदों में नाबाद 40 रन ठोक दिए। दूसरे छोर पर मामोनी ने पांच रन बनाकर उनका साथ निभाया। टीम ने अंतिम ओवर में एक विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। रिकदेव को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उनकी शानदार बल्लेबाजी से खुश स्थानीय दर्शकों ने उन्हें एक हजार रुपये का पुरस्कार भी दिया।
मैदान से गांवों तक पहुंचा समानता का संदेश
इस फाइनल की खासियत लड़के-लड़कियों का मिलकर खेलना रहा। आयोजकों के अनुसार, करीब दो हजार दर्शक मैदान पहुंचे। यूट्यूब पर सीधे प्रसारण से घर बैठे परिजन भी मुकाबले का आनंद लेते रहे। निश्चय फाउंडेशन के संस्थापक तरुण कुमार ने कहा कि स्थानीय लीग में मिक्स जेंडर क्रिकेट को जगह मिलने से ग्रामीण बच्चियों के लिए नई संभावनाएं खुली हैं। पहल का उद्देश्य खेल के साथ लैंगिक समानता, शिक्षा, माहवारी स्वास्थ्य जागरूकता, सहयोग और नेतृत्व को बढ़ावा देना है। दर्शकों ने उम्मीद जताई कि ऐसे अवसर मिलने से गांवों की और लड़कियां खेल के मैदान तक पहुंचेंगी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी थे। सुभाष कर्मकार, थाना प्रभारी नीरज कुमार, काजल सिंह, दीपांकर महतो और लीग अध्यक्ष विजय कुमार सिंह सहित अनेक खेलप्रेमी उपस्थित रहे। उपस्थित रहे।












