
भोपाल : पिता की अंतिम विदाई का वक्त आया तो सात समंदर पार रह रहे बेटे ने भी दूरी की परवाह नहीं की। अमेरिका में रहने वाले सिद्धांत उर्फ सिद्ध ने करीब 12 हजार किलोमीटर का सफर तय कर भोपाल पहुंचकर अपने पिता रिटायर्ड IAS अधिकारी राकेश अग्रवाल का अंतिम संस्कार किया। इस दुखद मौके पर उनकी अमेरिकी पत्नी ने भी ससुर को श्रद्धांजलि अर्पित की। परिवार के लिए यह पल बेहद भावुक रहा।
पिता को अंतिम विदाई देने अमेरिका से पहुंचा बेटा
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में रिटायर्ड IAS राकेश अग्रवाल की हत्या की घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। 30 सितंबर की रात हुई इस वारदात के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना की जानकारी मिलते ही अमेरिका में रह रहे उनके इकलौते बेटे सिद्धांत उर्फ सिद्ध भोपाल के लिए रवाना हो गए। करीब 12 हजार किलोमीटर की दूरी तय कर वह पिता के अंतिम संस्कार में शामिल हुए।
पत्नी ने भी नम आंखों से दी श्रद्धांजलि
शुक्रवार सुबह भदभदा विश्राम घाट पर राकेश अग्रवाल का अंतिम संस्कार किया गया। बेटे सिद्धांत ने मुखाग्नि देकर पिता को अंतिम विदाई दी। इस दौरान उनकी अमेरिकी पत्नी ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। परिवार के रिश्तेदारों, मित्रों और बड़ी संख्या में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी हुई।
केयरटेकर पर हत्या का आरोप, पुलिस कर रही तलाश
राकेश अग्रवाल की हत्या के मामले में उनके केयरटेकर वरुण कुमार पर आरोप है। पुलिस के अनुसार, आरोपी मूल रूप से पंजाब के नाभा का रहने वाला है और वारदात के बाद फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हैं। मामले की जांच भोपाल पुलिस के डेढ़ दर्जन वरिष्ठ अधिकारी कर रहे हैं। पुलिस को आरोपी द्वारा चुराया गया राकेश अग्रवाल का मोबाइल आगरा में बरामद हुआ है।
घर से सोने के गहने और महंगी घड़ियां भी गायब
वारदात के बाद घर से सोने की चेन, अंगूठियां, चार महंगी घड़ियां और नकदी समेत कई कीमती सामान गायब मिले। आरोपी पर घर की अलमारियां खंगालने और सामान लेकर फरार होने का भी आरोप है। पुलिस इस मामले में हत्या के साथ लूटपाट के पहलू की भी जांच कर रही है।
राकेश अग्रवाल की मौत के बाद उनकी पत्नी निशि अग्रवाल की तबीयत भी बिगड़ गई थी। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। एक ओर परिवार अपने मुखिया को खोने के गम में डूबा है, वहीं दूसरी ओर पुलिस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में जुटी है।












