
रायरंगपुर : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का प्रस्तावित तीन दिवसीय रायरंगपुर दौरा रद्द कर दिया गया है। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर क्षेत्र में बड़े स्तर पर तैयारियां चल रही थीं। लेकिन ऐन वक्त पर कार्यक्रम रद्द होने से स्थानीय लोगों में मायूसी छा गई है।
एडीएम ने दी जानकारी
रायरंगपुर के एडीएम अजीत कुमार ने राष्ट्रपति का दौरा रद्द होने की जानकारी दी। इससे पहले राष्ट्रपति का 28 अक्टूबर को प्रस्तावित दो दिवसीय रायरंगपुर दौरा चक्रवाती तूफान अर्नब के कारण स्थगित कर दिया गया था। इसके बाद तीन से पांच नवंबर तक तीन दिवसीय दौरे का नया कार्यक्रम प्रस्तावित किया गया था। अब यह कार्यक्रम भी रद्द कर दिया गया है।
कई योजनाओं का होना था उद्घाटन
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दौरे को लेकर रायरंगपुर में व्यापक तैयारियां की जा रही थीं। इस दौरान रेल परियोजना समेत कई विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास प्रस्तावित था। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर भी तैयारियां तेज थीं। कार्यक्रम रद्द होने से इन योजनाओं के उद्घाटन को लेकर भी फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है।
सांसद नवचरण माझी ने भी की पुष्टि
मयूरभंज के सांसद नवचरण माझी ने भी राष्ट्रपति का रायरंगपुर दौरा रद्द होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दौरा रद्द कर दिया गया है। हालांकि, राष्ट्रपति के अगले रायरंगपुर कार्यक्रम को लेकर अभी कोई जानकारी नहीं मिली है।
लगातार दूसरी बार राष्ट्रपति का दौरा टलने से स्थानीय लोगों को निराशा हुई है। अब लोगों की निगाहें राष्ट्रपति के अगले संभावित दौरे पर टिकी हैं।












