
- लेस्लीगंज के उड़हुलिया गांव के पास ट्रैक्टर ने दो बाइकों को मारी थी टक्कर, इलाज के दौरान 26 वर्षीय रतन कुमार साव की हुई मौत
- आक्रोशित परिजनों ने सड़क पर बैठकर जताया विरोध, दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार; राहगीर परेशान
पलामू : सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। शनिवार को मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने पांकी-मेदिनीनगर मुख्य पथ जाम कर दिया। सड़क जाम होने से मुख्य मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ट्रैक्टर की टक्कर से दो बाइक सवार हुए थे घायल
मिली जानकारी के अनुसार, लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के उड़हुलिया गांव के पास शुक्रवार रात एक अनियंत्रित ट्रैक्टर विपरीत दिशा में आ गया। इस दौरान ट्रैक्टर ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में जमुने गांव निवासी रतन कुमार साव (26) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे में गोराडीह गांव निवासी छोटू पांडेय भी घायल हुए थे।
मुआवजे की मांग पर सड़क जाम
रतन कुमार साव की मौत से आक्रोशित परिजन और ग्रामीण शनिवार को सड़क पर उतर आए। मृतक के आश्रित को मुआवजा देने की मांग करते हुए उन्होंने पांकी-मेदिनीनगर मुख्य पथ को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से यातायात प्रभावित हो गया और वाहनों की लंबी कतार लग गई।
पुलिस के पहुंचने का इंतजार
सड़क जाम के कारण आम लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। मिली जानकारी के अनुसार, खबर लिखे जाने तक मौके पर पुलिस नहीं पहुंची थी। परिजन मुआवजे की मांग पर अड़े हुए हैं।












