
- महिला वर्ग में CISF और पुरुष वर्ग में ITBP बनी चैंपियन
- एशियाई खेलों में स्वर्ण जीतने वाली अंकिता भकत की उपलब्धि को सराहा, खिलाड़ियों को देश का नाम रोशन करने के लिए किया प्रेरित
रांची : झारखंड की राजधानी रांची में आयोजित 15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता 2026-27 का सोमवार को समापन हो गया। खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में आयोजित समापन समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाली पुलिस टीमों और खिलाड़ियों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के अनुशासन, मेहनत, समर्पण और खेल भावना की सराहना करते हुए उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
महिला वर्ग में CISF का दबदबा, ITBP ने पुरुषों में मारी बाजी
प्रतियोगिता के महिला वर्ग में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने 37 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। उत्तर प्रदेश पुलिस 34 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही। वहीं, असम राइफल्स और सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने 23-23 अंक हासिल कर संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया।
पुरुष वर्ग में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) ने 53 अंकों के साथ चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। उत्तर प्रदेश पुलिस 22 अंकों के साथ दूसरे और राजस्थान पुलिस 21 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रही। मुख्यमंत्री ने विजेता और उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अंकिता भकत को सम्मान, एशियाई खेलों में स्वर्ण जीतने पर सराहना
समारोह का खास आकर्षण टाटा आर्चरी एकेडमी की तीरंदाज अंकिता भकत का सम्मान रहा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनकी उपलब्धियों की सराहना की। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अंकिता के नेतृत्व में भारतीय तीरंदाजी टीम ने एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने अन्य खिलाड़ियों से भी उनकी उपलब्धियों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
खेल से मजबूत होता है अनुशासन और आत्मविश्वास
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड को इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिलना राज्य के लिए गौरव की बात है। खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से अनुशासन, आत्मविश्वास, एकाग्रता और टीम भावना भी मजबूत होती है।
उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर अभ्यास, मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ने की अपील की। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ी भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन कर देश और राज्य का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को भी बधाई दी।
कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
समापन समारोह में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल, पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा, अखिल भारतीय पुलिस खेल नियंत्रण बोर्ड की प्रतिनिधि मीणा भारती, अपर पुलिस महानिदेशक प्रिया दुबे और मनोज कौशिक समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, आयोजन समिति के सदस्य और विभिन्न राज्यों की पुलिस टीमों के खिलाड़ी मौजूद रहे।












