
- दो दिवसीय दौरे पर मयूरभंज में विकास परियोजनाओं का करेंगी शिलान्यास, बादामपहाड़-पूरी एक्सप्रेस को दिखाएंगी हरी झंडी
जमशेदपुर : चक्रवात के कारण स्थगित हुआ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का ओडिशा दौरा अब 4 नवंबर से शुरू होगा। राष्ट्रपति दो दिवसीय दौरे पर ओडिशा पहुंचेंगी। इस दौरान उनका मुख्य फोकस मयूरभंज जिले में विभिन्न विकास परियोजनाओं से जुड़ी गतिविधियों पर रहेगा। पहले यह दौरा 28 और 29 अक्टूबर को प्रस्तावित था, लेकिन चक्रवाती तूफान की आशंका को देखते हुए कार्यक्रम में बदलाव किया गया।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति 4 नवंबर को पश्चिम बंगाल के कलाइकुंडा एयरपोर्ट पहुंचेंगी। यहां से हेलीकॉप्टर के जरिए ओडिशा के दंडबोस एयरपोर्ट जाएंगी। दौरे के पहले दिन वह मयूरभंज के बड़बिल स्थित मां किचकेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी। इसके बाद स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी और रायंगपुर सदर अस्पताल का जायजा लेंगी।
राष्ट्रपति रायंगपुर में कई विकास योजनाओं की आधारशिला भी रखेंगी। इनमें धार्मिक स्थलों, गौशाला और आदिवासी सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में रायंगपुर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में नए खेल छात्रावास के निर्माण की घोषणा भी कार्यक्रम का हिस्सा है।
रेल कनेक्टिविटी पर भी रहेगी नजर
दौरे के दौरान राष्ट्रपति बादामपहाड़-पूरी दैनिक एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगी। यह रेल सेवा ओडिशा में आवागमन और धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। हालांकि, जमशेदपुर और कोल्हान के यात्रियों को इससे कितना लाभ मिलेगा, यह ट्रेन के निर्धारित मार्ग और ठहराव पर निर्भर करेगा।
5 नवंबर को राष्ट्रपति मयूरभंज के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी। इसमें पूर्व सैनिकों के लिए निर्मित सीएसडी कैंटीन का दौरा, वीर नारियों का सम्मान और कौशल विकास से जुड़ी गतिविधियां शामिल हैं। दोपहर बाद वह दंडबोस और कलाइकुंडा एयरपोर्ट होते हुए नई दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी।











