बिष्टुपुर के कुसुम कमानी ऑडिटोरियम में शाम पांच बजे से सजेगी हास्य नाटक की महफिल- आदिवासी एवं ग्रामीण बच्चों की शिक्षा के लिए एफटीएस की पहल, शैलेश लोढ़ा की टीम करेगी प्रस्तुति
जमशेदपुर : शहरवासियों को शनिवार को हास्य नाटक के जरिए मनोरंजन का मौका मिलेगा। प्रसिद्ध कलाकार शैलेश लोढ़ा अपनी टीम के साथ 24 अक्टूबर को बिष्टुपुर स्थित कुसुम कमानी ऑडिटोरियम, नरभेराम स्कूल में नाटक ‘डैड्स गर्लफ्रेंड्स’ प्रस्तुत करेंगे। फ्रेंड्स ऑफ ट्राइबल्स सोसाइटी (एफटीएस), जमशेदपुर चैप्टर की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य आदिवासी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के वंचित बच्चों की शिक्षा को बढ़ावा देना और एकल विद्यालयों के संचालन में सहयोग जुटाना है। कार्यक्रम शाम पांच बजे से शुरू होगा।
गुरुवार को शास्त्रीनगर स्थित एक होटल में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में संस्था के पदाधिकारियों ने आयोजन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नाटक के सभी प्रवेश पास जारी किए जा चुके हैं। शहरवासियों में कार्यक्रम को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। नाटक की प्रस्तुति करीब दो घंटे की होगी। इसके लेखक एवं निर्देशक अतुल सत्य कौशिक हैं।
मनोरंजन के साथ शिक्षा को बढ़ावा देने की पहल
एफटीएस की ओर से इस आयोजन को मनोरंजन के माध्यम से समाजसेवा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। संस्था का उद्देश्य दूरदराज के ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों तक बुनियादी शिक्षा पहुंचाना है। इसके लिए एकल विद्यालयों के संचालन में सहयोग जुटाने और अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों में कई स्थानों पर बच्चों को शिक्षा की पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल पाती हैं। ऐसे क्षेत्रों में एकल विद्यालयों के माध्यम से बच्चों को बुनियादी शिक्षा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता है।
देशभर में करीब 87 हजार एकल विद्यालय
संस्था से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, देशभर में करीब 87 हजार एकल विद्यालय संचालित हैं। वहीं, जमशेदपुर चैप्टर के अंतर्गत लगभग 170 एकल विद्यालय चलाए जा रहे हैं। इन विद्यालयों में बच्चों को बुनियादी शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन, स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता से संबंधित जानकारी भी दी जाती है।
एफटीएस का प्रयास है कि दूरदराज के गांवों में रहने वाले बच्चों को शिक्षा के बेहतर अवसर मिलें। संस्था ने शिक्षा के इस अभियान को आगे बढ़ाने में समाज की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।
संवाददाता सम्मेलन में ये पदाधिकारी रहे मौजूद
मौके पर कार्यक्रम संयोजक विजय मित्तल एवं जितेंद्र अग्रवाल, अध्यक्ष राजेश मित्तल, कार्यकारी अध्यक्ष सुनील बागड़िया, सचिव संजय गोयल, कोषाध्यक्ष मनीष मूनका, उपाध्यक्ष अभिषेक गर्ग, संयुक्त सचिव चांद कांवटिया, एफटीएस युवा समिति अध्यक्ष सौरव संथालिया, महिला समिति सचिव प्रियंका अग्रवाल, आंचल प्रभारी नीलम केडिया और मेडिकल कैंप प्रभारी कमल गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
संस्था के पदाधिकारियों ने लोगों से आदिवासी एवं ग्रामीण बच्चों की शिक्षा को बढ़ावा देने के अभियान में सहयोग करने की अपील की।












