
जमशेदपुर : गोपाल मैदान में 15 से 19 नवंबर तक एक ओर अलग-अलग आदिवासी समुदायों के पारंपरिक व्यंजन बनेंगे, तो दूसरी ओर उनकी संगीत परंपराओं से तैयार नए गीत सुनने को मिलेंगे। फिल्मों और हस्तशिल्प के बीच मातृभाषा, शिक्षा और समुदायों की निर्णय लेने में भागीदारी पर भी चर्चा होगी। टाटा स्टील फाउंडेशन के राष्ट्रीय आदिवासी सम्मेलन ‘संवाद’ के 13वें संस्करण में 26 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 353 समुदायों से कम से कम 2,500 प्रतिभागी शामिल होंगे।
सम्मेलन की शुरुआत झारखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ और धरती आबा बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर होगी। आयोजकों के मुताबिक, इस बार 55 प्रतिशत प्रतिभागी पहली बार ‘संवाद’ में आएंगे। विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) की भागीदारी 15 प्रतिशत होगी।
70 घरेलू रसोइये दिखाएंगे अपने समुदायों के खास व्यंजन
खानपान के कार्यक्रम में 22 आदिवासी समुदायों के 70 घरेलू रसोइये अपने यहां के खास व्यंजन पेश करेंगे। खाने के स्टॉल के साथ व्यंजन बनाने का तरीका भी दिखाया जाएगा। टाटा स्टील फाउंडेशन के अनुसार, ताज समूह की इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड के सहयोग से इस पहल ने खानपान से जुड़े 13 व्यवसायों और 12 उभरते उद्यमों को समर्थन दिया है।
हस्तशिल्प के लिए 68 स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें 34 समुदायों के 142 शिल्पकार अपना काम प्रदर्शित करेंगे। आयोजकों को इस बार करीब डेढ़ करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद है। पिछले संस्करण में शिल्पकारों ने 1.06 करोड़ रुपये की बिक्री की थी।
सात नए गीत, 25 फिल्में और सात किताबें
‘रिदम्स ऑफ द अर्थ’ में 14 जनजातियों के 43 कलाकार मिलकर सात नए गीत तैयार करेंगे। इन रचनाओं में उरांव, मुंडा, राभा, बोडो, लेपचा, संताल और हो समुदायों की संगीत परंपराओं की झलक होगी। ‘संवाद के साथ’ में 63 प्रविष्टियों में से चुनी गईं 25 फिल्में दिखाई जाएंगी। इस मंच पर फिल्मकारों, शिक्षाविदों और समुदाय के प्रतिनिधियों के बीच आदिवासी सिनेमा और कहानी कहने की परंपराओं पर बातचीत होगी।
‘संवाद फेलोशिप’ के 39 फेलो इस बार अपने विचार और परियोजनाएं पेश करेंगे। अपनी परियोजनाएं पूरी कर चुके सात पूर्व फेलो अपनी किताबें जारी करेंगे।
अखड़ा में भाषा, शिक्षा और प्रतिनिधित्व पर होगी बात
‘अखड़ा’ में 166 जनजातियों के 675 प्रतिभागी जुटेंगे। यहां आदिवासी पहचान, मातृभाषाओं के संरक्षण, शिक्षा, शासन और विकास में समुदायों की भूमिका पर चर्चा होगी। इसके अलावा, 28 जनजातियों के 207 पारंपरिक उपचारकर्ता अपने समुदायों की स्वास्थ्य संबंधी परंपराओं और अनुभवों को साझा करेंगे।
टाटा स्टील फाउंडेशन ने ‘संवाद’ की शुरुआत 2014 में की थी। आयोजकों के मुताबिक, तब से इस मंच से 1.3 लाख से अधिक लोग जुड़ चुके हैं। इस साल के सम्मेलन से पहले अप्रैल से देशभर में 21 क्षेत्रीय संवाद, कार्यशालाएं और अन्य कार्यक्रम हुए, जिनमें छह हजार से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया।












