
नई दिल्ली/रांची : पारंपरिक झूमर की प्रस्तुति के साथ शनिवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में झारखंड पवेलियन का उद्घाटन हुआ। इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF) 2026 में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड पवेलियन और ‘पलाश’ का उद्घाटन किया। मेले में इस बार भी झारखंड को ‘फोकस स्टेट’ के रूप में भागीदारी का अवसर मिला है। राज्य ने ‘विकास और विरासत’ की थीम के तहत टसर सिल्क, पारंपरिक हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों के साथ महिला स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमिता को जगह दी है।
झूमर से स्वागत, बिरसा मुंडा और सिद्धो-कान्हू को नमन
पवेलियन पहुंचने पर मुख्यमंत्री का स्वागत पारंपरिक झूमर नृत्य से किया गया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा और वीर शहीद सिद्धो-कान्हू की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव भी उद्घाटन समारोह में मौजूद रहे। उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने अलग-अलग स्टॉलों का दौरा किया। उन्होंने वहां प्रदर्शित स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक हस्तशिल्प और कला-संस्कृति के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने राज्य में स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों को भी जाना।
महिला समूहों और ग्रामीण उद्यमिता पर जोर
पवेलियन में महिला स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी को खास जगह दी गई है। प्रदर्शनी में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और स्थानीय स्तर पर महिलाओं के उद्यमों को बढ़ावा देने से जुड़े प्रयास सामने रखे गए हैं। टसर सिल्क और हस्तशिल्प के जरिए मेले में आने वाले लोगों को झारखंड के कारीगरों और शिल्पकारों के काम को करीब से देखने का मौका मिल रहा है। साथ ही, अलग-अलग विभागों के स्टॉलों पर सरकारी योजनाओं, विभागीय उपलब्धियों और राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में चल रही विकास पहलों की जानकारी दी जा रही है।
देश के सामने राज्य की विरासत और विकास की तस्वीर
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड हर साल इस अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में हिस्सा लेता है। इस बार ‘विकास और विरासत’ थीम के जरिए राज्य की सांस्कृतिक पहचान और यहां हो रहे विकास कार्यों को देश के सामने लाने की कोशिश की गई है। उन्होंने कहा कि पवेलियन में महिला समूहों की भागीदारी, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और कारीगरों को मिल रहे प्रोत्साहन को प्रमुखता दी गई है। प्रदर्शनी में राज्य की उपलब्धियों के साथ आगे की संभावनाओं को भी सामने रखा गया है।
उद्घाटन समारोह में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, ग्रामीण विकास विभाग के सचिव मनोज कुमार, उद्योग विभाग के सचिव अरवा राजकमल, पर्यटन निदेशक नमन प्रियेश लकड़ा और उद्योग निदेशक विशाल सागर सहित राज्य सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।












