
पटमदा : लायाडीह गांव की बंद पत्थर खदान में शुक्रवार सुबह ग्रामीणों को गहरे पानी में एक शव दिखाई दिया। शाम को पुलिस ने शव बाहर निकाला तो उसकी पहचान मंगलवार से लापता 14 वर्षीय छात्रा के रूप में हुई। इसके बाद खदान के पास जुटे ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को घेर लिया। उन्होंने परिवार को मुआवजा देने, खदान मालिक को मौके पर बुलाने और पानी से भरे गहरे गड्ढों को भरवाने की मांग की। विरोध के चलते शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी रुक गई।
रिश्तेदार के घर जाने की बात कहकर निकली थी छात्रा
परिजनों के मुताबिक, सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा मंगलवार को रिश्तेदार के घर जाने की बात कहकर निकली थी। इसके बाद वह घर नहीं लौटी। परिवार की ओर से थाने में गुमशुदगी की सूचना दर्ज नहीं कराई गई थी। शुक्रवार सुबह कमलपुर थाना क्षेत्र के लायाडीह में कुछ ग्रामीणों की नजर खदान के पानी में पड़े शव पर पड़ी। उन्होंने पुलिस को खबर दी। पानी की गहराई के कारण शव निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। शाम को शव बाहर आने के बाद परिवार के एक सदस्य ने छात्रा की पहचान की।
मुआवजे के साथ खदान की सुरक्षा पर भी उठी मांग
पहचान होने के बाद पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष मौके पर पहुंचे और उन्होंने शव ले जाने से रोक दिया। ग्रामीणों का कहना था कि खनन बंद होने के बाद भी गहरे गड्ढे खुले हैं और उनमें पानी जमा है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इन गड्ढों को भरवाने के लिए स्थायी इंतजाम किए जाएं, ताकि आगे किसी की जान खतरे में न पड़े। देर शाम तक अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच बातचीत जारी थी।
छह महीने से बंद है खदान, हाईकोर्ट में लंबित है मामला
मौके पर पहुंचे पटमदा के अंचल अधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार दास ने ग्रामीणों को बताया कि उनकी मांग पर ही पत्थर खदान करीब छह महीने से बंद है। उन्होंने यह भी बताया कि खदान से जुड़ा एक मामला हाईकोर्ट में लंबित है। प्रशासन ने ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति सामान्य करने की कोशिश की। मौके पर कमलपुर समेत आसपास के थानों की पुलिस भी तैनात रही।
मौत की वजह जानने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पटमदा के डीएसपी दयानंद कुमार ने बताया कि शव को पानी से बाहर निकाल लिया गया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जाएगी। छात्रा की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इस पर पुलिस का निष्कर्ष पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद सामने आएगा।












