
जमशेदपुर : पश्चिमी सिंहभूम के राजाबासा गांव की 21 वर्षीय अंजना पूर्ति के लिए चट्टानों पर चढ़ने का हुनर अब दूसरों को सिखाने का काम बन गया है। किसान परिवार से आने वाली अंजना कॉलेज की पढ़ाई के साथ युवाओं को रॉक क्लाइंबिंग का प्रशिक्षण देती हैं। गांव में उनकी एक और पहचान है। जिन लड़कियों की पढ़ाई कम उम्र में शादी के दबाव से छूटने वाली थी, उनके साथ अंजना खड़ी हुईं। इसकी शुरुआत उस फैसले से हुई, जो उन्होंने अपने लिए स्कूल के दिनों में लिया था।
वॉलीबॉल के मैदान से चट्टानों तक
परिवार में तीन भाई और तीन बहनें हैं और सभी पढ़ रहे हैं। आर्थिक मुश्किलों के बीच अंजना ने पढ़ाई के साथ खेल जारी रखा। मैट्रिक की परीक्षा में उन्होंने तीसरा स्थान हासिल किया। साल 2022 में राष्ट्रीय स्तर की वॉलीबॉल चैंपियनशिप में अपने कॉलेज का प्रतिनिधित्व किया। खेल में उनके प्रदर्शन के बाद उन्हें रॉक क्लाइंबिंग के शुरुआती और उन्नत प्रशिक्षण के साथ प्रतियोगिताओं के लिए भी चुना गया। अरुणाचल प्रदेश में आयोजित उन्नत प्रशिक्षण कार्यक्रम में उन्होंने हिस्सा लिया। अब वह को-ऑपरेटिव कॉलेज में स्नातक की पढ़ाई कर रही हैं और टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन के तहत अंशकालिक अतिथि प्रशिक्षक के रूप में युवाओं को चट्टानों पर चढ़ना सिखाती हैं।
अपनी पढ़ाई के लिए खड़ी हुईं, फिर दूसरों का साथ दिया
स्कूल में रहते हुए अंजना के लिए शादी का प्रस्ताव आया था। उस वक्त वह नाबालिग थीं। उन्होंने पढ़ाई पूरी करने और अपने पैरों पर खड़े होने की इच्छा साफ रखी। बाद में जब उनकी चचेरी बहन पर भी शादी का दबाव बना, तो अंजना ने समय रहते पहल की। बातचीत और परामर्श की मदद से शादी टली और बहन को पढ़ाई जारी रखने का मौका मिला।
अंजना के प्रयासों से छह और लड़कियों को बाल विवाह के दबाव से बाहर निकलने में मदद मिली। उन्होंने इन लड़कियों का साथ माध्यमिक शिक्षा पूरी करने से लेकर रोजगार के अवसर तलाशने तक दिया। इनमें तीन युवतियां अब सिलाई केंद्रों में काम करती हैं और तीन खुदरा दुकानों में बिक्री का काम संभाल रही हैं।
गांव के 32 युवा जुड़े, मैट्रिक की मुफ्त तैयारी
अंजना ने स्थानीय युवाओं को साथ लेकर ‘अबुआ मार्शल दिशुम’ नाम का समूह बनाया। इसमें 32 युवक-युवतियां जुड़े हैं। समूह आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को मैट्रिक की तैयारी के लिए मुफ्त ट्यूशन देता है और स्कूल-कॉलेज में दाखिले के दौरान भी उनकी मदद करता है। इसके सदस्य बाल विवाह और नशीले पदार्थों के सेवन के खिलाफ जागरूकता अभियान भी चलाते हैं। ‘ट्राइबल लीडरशिप प्रोग्राम’ 2025 की पूर्व छात्रा अंजना की कोशिश है कि गांव के युवाओं को पढ़ाई, खेल और रोजगार के ज्यादा मौके मिलें, ताकि वे अपने भविष्य के फैसले खुद ले सकें।












