
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम में झारखंड स्थापना दिवस के कार्यक्रमों की शुरुआत 15 नवंबर को स्वच्छता दौड़ से होगी। जमशेदपुर में ‘रन फॉर क्लीनलिनेस’ सुबह सात बजे महाराणा प्रताप चौक से शुरू होगी। इसका समापन सुबह आठ बजे स्वर्णरेखा छठ घाट पर साफ-सफाई के साथ होगा। उपायुक्त राजीव रंजन ने समाहरणालय में हुई समीक्षा बैठक में दौड़, स्थापना दिवस पखवाड़े और रांची में होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया।
नगर निकायों और प्रखंडों में भी होगी स्वच्छता दौड़
जिला मुख्यालय के साथ सभी नगर निकायों और प्रखंडों में भी स्वच्छता दौड़ आयोजित की जाएगी। वहां प्रमुख स्थलों या चौक-चौराहों से दौड़ को हरी झंडी दिखाई जाएगी। इन आयोजनों का समापन भी छठ घाटों की सफाई के साथ होगा। जिला प्रशासन का उद्देश्य दौड़ के जरिए स्वच्छता का संदेश देना और स्थानीय लोगों को घाटों की साफ-सफाई से जोड़ना है।
पंचायत से जिला स्तर तक खेल, नाटक और निबंध प्रतियोगिताएं
स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत 17 से 24 नवंबर तक पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर आम लोगों की भागीदारी से कार्यक्रम होंगे। इनमें खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ नाटक, नृत्य, संगीत और निबंध लेखन जैसी गतिविधियां शामिल रहेंगी। जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों और टीमों को 26 और 27 नवंबर को रांची के खेलगांव में अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। राज्य स्तरीय कार्यक्रम के विजेताओं को 28 नवंबर के मुख्य समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
रांची के मेले में दिखेंगे पूर्वी सिंहभूम के उत्पाद और पर्यटन स्थल
खेलगांव में 26 से 28 नवंबर तक मेला और प्रदर्शनी भी लगेगी। इसमें सरकारी विभागों के स्टॉल के साथ हर जिले को अपना एक स्टॉल मिलेगा। पूर्वी सिंहभूम के स्टॉल पर जिले के खास उत्पादों, पर्यटन स्थलों और आर्थिक गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी। प्रदर्शनी में नवाचार पर केंद्रित विशेष स्टॉल भी होंगे। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को जिले के स्टॉल की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
28 नवंबर को योजनाओं का उद्घाटन और लाभुकों को परिसंपत्तियां
राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर 28 नवंबर को खेलगांव में मुख्य समारोह होगा। इसमें विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और शुभारंभ किया जाएगा। लाभुकों के बीच परिसंपत्तियां भी वितरित की जाएंगी। राज्य स्तरीय समारोह में पूर्वी सिंहभूम की भागीदारी के लिए जिला और प्रखंड के अधिकारियों को जरूरी तैयारियां पूरी करने को कहा गया है।
उपायुक्त ने विभागों को आपसी समन्वय के साथ तय समय में काम पूरा करने और आयोजनों में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का निर्देश दिया। बैठक में उप विकास आयुक्त, धालभूम एसडीएम, अपर उपायुक्त, जेएनएसी के नगर आयुक्त और शिक्षा व खेल विभाग समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारी ऑनलाइन जुड़े।












