
सरायकेला : झारखंड स्थापना दिवस पर 15 नवंबर की सुबह सरायकेला-खरसावां जिले में स्वच्छता दौड़ होगी। इसके बाद प्रमुख छठ घाटों पर सफाई अभियान चलेगा। स्थापना दिवस और राज्य सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर जिला प्रशासन ने 28 नवंबर तक का कार्यक्रम तय किया है। इस दौरान गांवों में रोजगार के लिए आवेदन लिए जाएंगे, तैयार आवासों में गृह प्रवेश कराया जाएगा और स्कूलों में खेलकूद व सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं होंगी। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए तैयारियों की समीक्षा की।
15 नवंबर को सुबह आठ बजे दौड़, फिर छठ घाटों की सफाई
‘रन फॉर क्लीनलीनेस’ सुबह आठ बजे शुरू होगी। शहरी क्षेत्रों में नगर निकाय के अधिकारी और प्रखंडों में प्रखंड विकास पदाधिकारी आयोजन संभालेंगे। दौड़ के बाद प्रमुख छठ घाटों की सफाई और कचरा उठाने पर जोर रहेगा। उपायुक्त ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों को भी अभियान से जोड़ने को कहा।
ग्राम सभाओं में लिए जाएंगे काम और रोजगार कार्ड के आवेदन
15 से 28 नवंबर तक चलने वाले रोजगार सृजन अभियान में श्रमिक ग्राम सभाओं में काम की मांग रख सकेंगे और रोजगार गारंटी कार्ड के लिए आवेदन दे सकेंगे। पात्र आवेदकों को कार्ड उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी। गांव की जरूरतों के आधार पर जल संरक्षण, सिंचाई कूप, बागवानी, आंगनबाड़ी केंद्र, ग्रामीण सड़क और नालों के पुनर्जीवन जैसे काम चुने जाएंगे। 28 नवंबर को सभी ग्राम पंचायतों में रोजगार गारंटी कार्डधारकों के लिए क्विज प्रतियोगिता होगी।
15 से 21 नवंबर तक गृह प्रवेश सप्ताह
जिले में 941 तैयार आवासों में गृह प्रवेश कराने का लक्ष्य है। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 485, अबुआ आवास के 416, पीएम-जनमन के 25 और बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर आवास योजना के 15 घर शामिल हैं। उपायुक्त ने निर्माणाधीन आवासों का काम जल्द पूरा करने और लाभुकों को पेयजल, बिजली व स्वच्छता से जुड़ी योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
स्कूलों में नाटक और चित्रकला, चुने गए प्रतिभागी जाएंगे रांची
17 से 25 नवंबर तक पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं होंगी। स्कूलों में निबंध लेखन, चित्रकला, नाटक, नृत्य और संगीत के कार्यक्रम रखे जाएंगे। जिले से चुने गए प्रतिभागी 26 और 27 नवंबर को रांची के खेलगांव में प्रस्तावित राज्यस्तरीय कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने शिक्षा, खेल और स्वास्थ्य विभागों को अपनी तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा। उन्होंने कार्यक्रमों की तारीख और स्थान की जानकारी स्थानीय भाषाओं में लोगों तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए।












