
- नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट के शौचालय के शीशे पर हाइजैक की धमकी लिखी मिली। सूचना मिलते ही पायलट ने ATC को अलर्ट किया। विमान को आइसोलेशन बे में ले जाकर CISF और एयरपोर्ट सुरक्षा अधिकारियों ने सघन तलाशी अभियान चलाया।
कोलकाता : पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार सुबह हवाई सुरक्षा को लेकर हड़कंप मच गया। मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की एक फ्लाइट में हाइजैक की धमकी मिलने से एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। विमान के शौचालय के शीशे पर धमकी भरा संदेश लिखा मिला। इसके बाद विमान में सुरक्षा जांच शुरू कर दी गई।
टॉयलेट के शीशे पर मिला धमकी भरा संदेश
जानकारी के मुताबिक, विमान उड़ान भरने की तैयारी में था। इसी दौरान शौचालय के शीशे पर लिखे धमकी भरे संदेश पर नजर पड़ी। संदेश में विमान को हाईजैक करने की धमकी दी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी सूचना दी। इसके बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत कार्रवाई शुरू कर दी।
CISF ने विमान को आइसोलेशन बे में पहुंचाया
धमकी की सूचना मिलने के बाद विमान को आइसोलेशन बे में ले जाया गया। यहां केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) और एयरपोर्ट के विशेष सुरक्षा अधिकारियों ने विमान की सघन तलाशी शुरू की। विमान के अंदर मौजूद सामान और अलग-अलग हिस्सों की बारीकी से जांच की गई, ताकि किसी संदिग्ध वस्तु की मौजूदगी का पता लगाया जा सके।
पुलिस ने शुरू की धमकी देने वाले की तलाश
धमकी भरा संदेश किसने लिखा और इसके पीछे किसका हाथ है, इसकी जांच पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने शुरू कर दी है। विमान में सवार यात्रियों की सूची के साथ एयरपोर्ट परिसर और विमान के अंदर लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। जांच एजेंसियां पूरे मामले की पड़ताल में जुटी हैं।
हवाई सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
विमान के शौचालय के शीशे पर इस तरह का धमकी भरा संदेश मिलना सुरक्षा एजेंसियों के लिए गंभीर चुनौती है। जांच का अहम पहलू यह भी है कि धमकी देने वाला व्यक्ति कौन था और विमान के अंदर इस तरह का संदेश लिखने के बावजूद इसकी जानकारी पहले क्यों नहीं मिल सकी। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं।












