
- जंगल में ही मिलेगा हाथियों को भोजन और पानी, पुराने रास्तों को फिर से किया जाएगा सक्रिय
- रेलवे, सड़क और बिजली विभाग के साथ मिलकर बनेगी रणनीति, हाथियों की आवाजाही होगी सुरक्षित
रांची : झारखंड में मानव और हाथियों के बीच बढ़ते संघर्ष को रोकने के लिए वन विभाग ने बड़ी पहल की है। अब हाथियों के पारंपरिक आवागमन मार्गों यानी एलिफेंट कॉरिडोर को मजबूत और सुरक्षित बनाने की तैयारी की जा रही है। इसके तहत जंगलों के भीतर ही हाथियों के लिए पर्याप्त भोजन, पानी और सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था विकसित की जाएगी। विभाग का मानना है कि जंगल में ही भोजन और पानी उपलब्ध होने से हाथियों का रुख गांवों और रिहायशी इलाकों की ओर कम होगा।
मंगलवार को वन विभाग की उच्चस्तरीय बैठक में मानव-हाथी संघर्ष की घटनाओं पर नियंत्रण और एलिफेंट कॉरिडोर के संरक्षण को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। प्रधान मुख्य वन संरक्षक (पीसीसीएफ) संजीव कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हाथियों की आवाजाही वाले वन क्षेत्रों में चारागाह विकसित किए जाएं। इसके साथ ही जलस्रोतों की संख्या बढ़ाने और पुराने जलस्रोतों को दुरुस्त करने पर भी जोर दिया गया। स्थानीय ग्रामीणों को जागरूक करने की जरूरत भी बताई गई।
पुराने रास्तों को फिर से किया जाएगा सक्रिय
बैठक में पीसीसीएफ एवं वन्यजीव प्रतिपालक रवि रंजन ने हाथियों के पारंपरिक आवागमन मार्गों को दोबारा सक्रिय करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि एलिफेंट कॉरिडोर की सुरक्षा के लिए वन विभाग के साथ रेलवे, सड़क निर्माण और बिजली विभाग के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। अलग-अलग विभागों के सहयोग से हाथियों की आवाजाही में आने वाली बाधाओं को दूर करने की दिशा में काम किया जाएगा।
वहीं, पीसीसीएफ एवं वेस्टलैंड डेवलपमेंट बोर्ड के कार्यकारी निदेशक एटी मिश्रा ने भी पारंपरिक एलिफेंट कॉरिडोर को संरक्षित रखने की आवश्यकता बताई।
हाथियों की गतिविधियों का होगा अध्ययन
बैठक में हाथियों की आवाजाही के पैटर्न और उनके पारंपरिक रास्तों से संबंधित अध्ययनों को भी प्रस्तुत किया गया। इन अध्ययनों के आधार पर ऐसे क्षेत्रों की पहचान की जाएगी, जहां हाथियों का नियमित आवागमन होता है। इसके बाद सुरक्षित कॉरिडोर के संरक्षण और विकास की रणनीति तैयार की जाएगी।
जंगल में चारा-पानी की व्यवस्था से घटेगा संघर्ष
वन विभाग की इस पूरी पहल का उद्देश्य हाथियों को जंगल के भीतर ही अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना है। पर्याप्त चारागाह और जलस्रोत विकसित होने से हाथियों को भोजन और पानी की तलाश में ग्रामीण इलाकों में भटकने की जरूरत कम होगी। इससे किसानों की फसलों, ग्रामीणों के घरों और मानव जीवन को होने वाले नुकसान को रोकने में मदद मिल सकती है।
विभाग की योजना में कॉरिडोर का संरक्षण, पुराने रास्तों को पुनर्जीवित करना, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और हाथियों की गतिविधियों का वैज्ञानिक अध्ययन प्रमुख रूप से शामिल है।












