
पलामू : झारखंड के पलामू जिले के पांकी में घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। धूब गांव में सोमवार देर रात धारदार हथियार से हमले में गुणी भुइयां की मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार, शराब के सेवन के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान पुत्र द्वारा धारदार हथियार से हमला किए जाने की बात सामने आई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।
वारदात के बाद मौके से गायब थे पत्नी और पुत्र
ग्रामीणों के मुताबिक, घटना के बाद मृतक की पत्नी और पुत्र मौके पर मौजूद नहीं थे। सूचना मिलने पर पांकी थाना पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने खोजबीन कर मृतक की पत्नी और पुत्र को ढूंढ निकाला और पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई।
थाना से महज पांच किलोमीटर दूर हुई घटना
धूब गांव पांकी थाना से करीब पांच किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। घटना की खबर फैलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। अचानक हुई इस मौत से गांव में शोक का माहौल है।
जनप्रतिनिधियों ने जताया दुख, निष्पक्ष जांच की मांग
जिला परिषद सदस्य खुशबू कुमारी ने गांव पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की और प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। मुखिया पति यशवंत वर्मा ने मृतक को मिलनसार और अच्छे स्वभाव का व्यक्ति बताया। पंचायत समिति सदस्य बबलू भुइयां ने भी घटना पर दुख जताते हुए नशे से दूर रहने और पारिवारिक विवादों को समझदारी से सुलझाने की अपील की।
पुलिस की पूछताछ से खुलेगा हत्या का राज
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घरेलू विवाद में हत्या की वास्तविक वजह क्या थी और वारदात में किसकी भूमिका रही, इसका खुलासा पुलिस की जांच और पूछताछ के बाद ही होगा।












