
जमशेदपुर : कभी सड़क हादसे ने खेल के सफर पर ब्रेक लगाया, लेकिन प्रसनजीत पॉल ने कोर्ट पर वापसी कर अपनी मेहनत को नई पहचान दी। जमशेदपुर के कदमा निवासी अनुभवी टेनिस खिलाड़ी और कोच प्रसनजीत का चयन वर्ल्ड मास्टर टेनिस चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में हुआ है। जापान की राजधानी टोक्यो में 15 से 28 नवंबर तक होने वाली इस प्रतियोगिता में वह 35 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने के साथ खुद की तैयारी जारी रखने वाले प्रसनजीत के लिए यह उपलब्धि खास है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अर्जित अनुभव के बाद अब उनके सामने भारतीय दल की ओर से अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर है।
नौ साल की उम्र में थामा था रैकेट
प्रसनजीत के टेनिस सफर की शुरुआत जमशेदपुर से हुई। नौ वर्ष की उम्र में उन्होंने कोच बिपुल कुमार के मार्गदर्शन में अभ्यास शुरू किया। शुरुआती दिनों में उनकी प्रतिभा देखकर कोच ने बेहतर प्रशिक्षण के लिए बाहर भेजने की सलाह दी। इसके बाद वह 12 वर्ष की उम्र में पुणे चले गए। वहां कोच हेमंत बेंद्रे की देखरेख में अगले सात वर्षों तक खेल की तकनीक और बारीकियां सीखीं। इस प्रशिक्षण ने उनके आगे के सफर की मजबूत नींव रखी।
परिवार से मिला खेल का संस्कार
प्रसनजीत के परिवार का खेल से पुराना जुड़ाव रहा है। उनके पिता पीके पॉल टाटा फुटबॉल एकेडमी और माता कुंतला पॉल टाटा आर्चरी एकेडमी से जुड़े रहे। दोनों ने करीब 25 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।जमशेदपुर क्रिकेट लीग में हिस्सा लेने वाले स्टूडेंट क्लब की स्थापना में भी उनके पिता की महत्वपूर्ण भूमिका रही। घर में मिले खेल के माहौल ने प्रसनजीत की रुचि को प्रोत्साहन दिया और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली।
मुश्किल दौर के बाद कोचिंग में बनाई पहचान
एक गंभीर सड़क दुर्घटना के कारण प्रसनजीत का खेल करियर कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ। हालांकि, उन्होंने टेनिस से अपना रिश्ता बनाए रखा। कॉलेज के दौरान कोच अमोद वाकणकर ने स्कॉलरशिप देकर उन्हें मेंस सर्किट में वापसी का रास्ता दिखाया। बाद में उन्होंने इंटरनेशनल टेनिस फेडरेशन और यूनाइटेड स्टेट्स प्रोफेशनल टेनिस रजिस्ट्री से कोचिंग प्रमाणपत्र हासिल किए। करीब पांच वर्ष पहले उन्होंने पुणे में ‘पॉल्स प्रो टेनिस अकादमी’ की शुरुआत की। सिद्धांत बांठिया, अर्थव शर्मा और अर्जुन पारवकर जैसे खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने के साथ वह अंतरराष्ट्रीय दौरों पर भी खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करते रहे हैं।
चार युगल और दो एकल खिताब से मजबूत हुई दावेदारी
कोचिंग की जिम्मेदारियों के बीच प्रसनजीत ने अपनी फिटनेस और प्रदर्शन पर भी ध्यान दिया। हालिया घरेलू सर्किट में उन्होंने चार युगल और दो एकल खिताब जीते। इसी निरंतर प्रदर्शन के आधार पर उन्हें भारतीय टीम में जगह मिली। अब टोक्यो की प्रतियोगिता उनके अनुभव, तैयारी और जुझारूपन की अगली परीक्षा होगी।












