
जमशेदपुर : शहर की औद्योगिक तरक्की के साथ पर्यावरण और नागरिकों की सेहत की सुरक्षा भी प्राथमिकता होनी चाहिए। इसी मुद्दे पर साकची स्थित होटल कैनेलाइट में जमशेदपुर सिविल सोसाइटी फोरम ने एक दिवसीय सेमिनार आयोजित किया। “जमशेदपुर का पर्यावरण, जनस्वास्थ्य एवं नागरिक दायित्व” विषय पर हुए कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण की निगरानी और नागरिक भागीदारी पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित प्रख्यात पर्यावरणविद् एवं ‘जल पुरुष’ राजेंद्र सिंह ने कहा कि पर्यावरण को बचाने के लिए कानूनी प्रयासों के साथ जनआंदोलन भी आवश्यक है। उन्होंने स्थानीय लोगों को प्रकृति और अपने स्वास्थ्य से जुड़े सवालों पर एकजुट होकर पहल करने का संदेश दिया।
प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा से जुड़ा है आने वाली पीढ़ियों का भविष्य
रेमन मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मानित राजेंद्र सिंह ने नदियों, जलस्रोतों और जंगलों के संरक्षण को भविष्य की पीढ़ियों के जीवन से जुड़ा विषय बताया। उन्होंने कहा कि विकास की प्रक्रिया में प्रकृति और मानव स्वास्थ्य की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए। जमशेदपुर की पर्यावरणीय चुनौतियों पर चिंता जताते हुए उन्होंने सामूहिक प्रयासों और स्थानीय स्तर पर मजबूत पहल की जरूरत बताई। साथ ही भरोसा दिया कि समस्याओं के समाधान की दिशा में वह आने वाले दिनों में फोरम के साथ मिलकर हरसंभव सहयोग करेंगे।
स्वच्छ वातावरण में जीने के अधिकार पर जोर
कार्यक्रम की शुरुआत फोरम के संयोजक रियाज शरीफ के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने संगठन के गठन, उसके उद्देश्यों और पर्यावरण संरक्षण को लेकर चल रहे प्रयासों की जानकारी दी।
शरीफ ने कहा कि औद्योगिक पहचान वाले जमशेदपुर में लोगों के स्वच्छ हवा, साफ पानी और स्वस्थ वातावरण में जीने के अधिकार की रक्षा जरूरी है। उन्होंने वायु और ध्वनि प्रदूषण के साथ औद्योगिक अपशिष्ट से जुड़ी समस्याओं पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि फोरम संबंधित मुद्दों पर तथ्य और दस्तावेज जुटाकर सरकारी विभागों तथा संस्थानों के समक्ष अपनी बात रख रहा है। इसका उद्देश्य विकास के साथ पर्यावरणीय नियमों का पालन और नागरिकों की सेहत की सुरक्षा सुनिश्चित कराना है।
नागरिक समाज की सक्रिय भूमिका आवश्यक
पर्यावरण एवं मानवाधिकार कार्यकर्ता अरवीन अंजुम ने अपने परिचयात्मक संबोधन में शहर की पर्यावरणीय समस्याओं को सामने रखा। उन्होंने कहा कि संरक्षण के प्रयासों की जिम्मेदारी सरकारी विभागों के साथ नागरिक समाज, सामाजिक संगठनों और प्रत्येक जागरूक व्यक्ति की भी है। लोगों की सक्रिय भागीदारी से इन प्रयासों को मजबूती मिल सकती है।
प्रदूषण की नियमित और पारदर्शी निगरानी की जरूरत
चिकित्सक डॉ. राशिद इकबाल ने प्रदूषण और स्वास्थ्य के संबंध पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि दूषित हवा श्वसन संबंधी बीमारियों, एलर्जी और दूसरी स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकती है। उन्होंने जमशेदपुर जैसे औद्योगिक शहर में जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए प्रदूषण की नियमित और पारदर्शी निगरानी की आवश्यकता बताई। सेमिनार में स्वच्छ और स्वस्थ शहर के लिए नागरिक दायित्व तथा साझा प्रयासों को चर्चा के केंद्र में रखा गया।












