
- 26 हजार बुजुर्गों के अधिकारों की लड़ाई लड़ने वाले शिवपूजन सिंह ने 88 साल की उम्र में ली अंतिम सांस, ग्रेजुएट कॉलेज को ए ग्रेड दिलाने के लिए प्रयासरत थीं प्रभारी प्राचार्य डॉ. वीणा सिंह प्रियदर्शी
जमशेदपुर : शहर के लिए मंगलवार का दिन बेहद दुखद रहा। सामाजिक और शैक्षणिक जगत की दो जानी-मानी शख्सियतों ने दुनिया को अलविदा कह दिया। एक ओर 26 हजार बुजुर्गों के अधिकार, सम्मान और सुरक्षा की आवाज बुलंद करने वाले वरिष्ठ समाजसेवी शिवपूजन सिंह (88) का निधन हो गया, वहीं दूसरी ओर साकची स्थित द ग्रेजुएट स्कूल कॉलेज फॉर वूमेन की प्रभारी प्राचार्य डॉ. वीणा सिंह प्रियदर्शी भी जिंदगी की जंग हार गईं। दोनों के निधन की खबर से शहर के सामाजिक और शैक्षणिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई। दोनों ने अपने-अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया और लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया।
शिवपूजन सिंह का मंगलवार को टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में निधन हो गया। वह कैंसर से पीड़ित थे। मानगो के पारसनगर निवासी शिवपूजन सिंह ने अपनी जिंदगी का बड़ा हिस्सा बुजुर्गों के अधिकारों की लड़ाई को समर्पित कर दिया था। वर्ष 2004 में टाटा स्टील से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने बुजुर्गों की समस्याओं को करीब से समझा। उन्होंने देखा कि कई बुजुर्ग अपने ही परिवार में उपेक्षा और प्रताड़ना का सामना कर रहे हैं। इसके बाद उन्होंने वर्ष 2004 में वरिष्ठ नागरिक समिति की स्थापना की और संस्थापक अध्यक्ष बने। धीरे-धीरे समिति से करीब 26 हजार बुजुर्ग जुड़ गए।
उनके प्रयासों से मानगो बस स्टैंड के पास गांधी घाट पार्क बुजुर्गों के लिए उपलब्ध हुआ। ओल्ड एज होम की मांग को प्रशासन के समक्ष उठाने से लेकर सीनियर सिटीजन एक्ट के क्रियान्वयन तक उन्होंने लगातार संघर्ष किया। बुजुर्गों के इलाज की समस्या को लेकर भी उन्होंने बड़ी लड़ाई लड़ी। असाध्य बीमारियों के इलाज में बीपीएल कार्ड की अनिवार्यता के कारण जरूरतमंदों को होने वाली परेशानी को सामने लाने के लिए समिति ने एक घंटे की फिल्म ‘आह’ बनाई। इसमें बुजुर्गों की पीड़ा दिखाई गई। लगातार प्रयासों के बाद नियमों में बदलाव हुआ और 72 हजार रुपये तक वार्षिक आय वाले लोगों के लिए भी असाध्य बीमारी सहायता निधि से इलाज का रास्ता खुला। उनका निधन बुजुर्गों के अधिकारों की लड़ाई में बड़ी क्षति है।
ग्रेजुएट कॉलेज को ए ग्रेड दिलाना था सपना, कैंसर को भी दी थी मात
दूसरी ओर ग्रेजुएट कॉलेज की प्रभारी प्राचार्य डॉ. वीणा सिंह प्रियदर्शी का मंगलवार शाम 5:15 बजे टीएमएच में निधन हो गया। वह करीब एक महीने से अस्पताल में भर्ती थीं। परिजनों के अनुसार, वह ब्रेस्ट कैंसर से पीड़ित थीं। इलाज के बाद उन्होंने कैंसर को मात दे दी थी, लेकिन इसके साइड इफेक्ट के कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। उनके निधन का कारण मल्टीपल ऑर्गन फेल्योर बताया गया है। वह अपने पीछे पति, बेटी और दामाद समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। बुधवार को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। विजय हेरिटेज से उनकी अंतिम यात्रा निकलेगी।
डॉ. वीणा सिंह प्रियदर्शी ग्रेजुएट कॉलेज को नैक (NAAC) से ए ग्रेड दिलाने के लिए लगातार प्रयासरत थीं। उनके कार्यकाल में कॉलेज में राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद से संबंधित कई कार्यशालाओं और सेमिनारों का सफल आयोजन हुआ। कॉलेज की शैक्षणिक गुणवत्ता और संस्थागत विकास को आगे बढ़ाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके निधन से कॉलेज परिवार और शिक्षा जगत में शोक का माहौल है।
दोनों शख्सियतों का जाना जमशेदपुर के लिए अपूरणीय क्षति है। शिवपूजन सिंह ने जहां बुजुर्गों को सम्मान और अधिकार दिलाने के लिए जीवनभर संघर्ष किया, वहीं डॉ. वीणा सिंह प्रियदर्शी ने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई। उनके योगदान और संघर्ष को शहर लंबे समय तक याद रखेगा।












