
- जामताड़ा में स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल, हादसे के बाद साढ़े चार घंटे तक गोविंदपुर-साहिबगंज मुख्य मार्ग जाम; मंत्री और स्थानीय युवकों के बीच तीखी नोकझोंक का वीडियो वायरल
जामताड़ा : झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 24 वर्षीय युवक आकाश मुर्मू की मौत के बाद एंबुलेंस की उपलब्धता को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित आदिवासी युवकों ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को ही घेर लिया और उनसे स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर तीखे सवाल किए। युवकों ने दो टूक कहा कि आदिवासियों के हित में भाषण देने से काम नहीं चलेगा। जरूरत के समय मरीज को एंबुलेंस और बेहतर इलाज मिलना चाहिए। इस घटना के बाद गोविंदपुर-साहिबगंज मुख्य मार्ग पर करीब साढ़े चार घंटे तक आवागमन बाधित रहा।
अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुआ था आकाश
जानकारी के अनुसार, देवघर जिले के करौं थाना क्षेत्र के बांदडीह निवासी 24 वर्षीय आकाश मुर्मू गोविंदपुर-साहिबगंज मुख्य मार्ग पर केंदुआटांड़ गांव के समीप सड़क हादसे का शिकार हो गया। बताया जाता है कि एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए धनबाद ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।
साढ़े चार घंटे तक हाईवे जाम, स्वास्थ्य मंत्री को घेरा
घटना के विरोध में आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने गोविंदपुर-साहिबगंज मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। करीब साढ़े चार घंटे तक सड़क पर आवागमन बाधित रहा। इसी दौरान घटनास्थल पर पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को स्थानीय आदिवासी युवकों के विरोध का सामना करना पड़ा। युवकों ने उनसे सवाल किया कि जब किसी घायल को समय पर एंबुलेंस नहीं मिल सकती, तो स्वास्थ्य मंत्रालय का क्या फायदा?
युवकों ने कहा- भाषण नहीं, जरूरत पर चाहिए स्वास्थ्य सुविधा
मंत्री के सामने युवकों ने स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर नाराजगी जाहिर की। उनका कहना था कि आदिवासियों का हितैषी होने का दावा करने से जमीन पर बदलाव नहीं आएगा। आम लोगों को नेताओं के भाषण नहीं, बल्कि आपात स्थिति में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं चाहिए। हादसे के समय एंबुलेंस की उपलब्धता सबसे जरूरी होती है। इस दौरान मंत्री और युवकों के बीच काफी देर तक तीखी नोकझोंक होती रही।
मंत्री का दावा- पहुंचने से पहले हो चुकी थी युवक की मौत
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने पूरे मामले पर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि वह रात में एक कार्यक्रम से लौट रहे थे। हादसे की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने पीड़ित परिवार की मदद की। उनके घटनास्थल पर पहुंचने से काफी पहले ही युवक की मौत हो चुकी थी। मंत्री के अनुसार, वहां एंबुलेंस भी मौजूद थी। उन्होंने कहा कि हादसे के बाद लोगों का आक्रोशित होना स्वाभाविक है, लेकिन कुछ युवकों ने जानबूझकर एंबुलेंस नहीं होने की बात कहकर उनसे तल्खी दिखाई। मंत्री ने पीड़ित परिवार को बुलाकर आर्थिक मदद भी की।
वीडियो वायरल, मंत्री ने बताया राजनीतिक साजिश
मंत्री और स्थानीय युवकों के बीच हुई बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मामला राजनीतिक रंग भी लेने लगा है। भाजपा नेताओं ने भी इस घटनाक्रम को लेकर स्वास्थ्य मंत्री को घेरा है। वहीं, डॉ. इरफान अंसारी ने इसे राजनीतिक साजिश करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं ने कुछ युवकों को उनके खिलाफ बोलने और माहौल खराब करने के लिए उकसाया। मंत्री ने दावा किया कि उनके काफिले के साथ हमेशा एंबुलेंस रहती है और मृतक के स्वजनों को उनसे कोई शिकायत नहीं है।
सबसे बड़ा सवाल : आखिर आपात स्थिति में कितनी देर में मिलती है एंबुलेंस?
आकाश मुर्मू की मौत ने ग्रामीण इलाकों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक तरफ स्थानीय युवक समय पर एंबुलेंस नहीं मिलने का आरोप लगा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ स्वास्थ्य मंत्री घटनास्थल पर एंबुलेंस मौजूद होने का दावा कर रहे हैं। ऐसे में यह जांच जरूरी है कि हादसे के बाद एंबुलेंस के लिए कब संपर्क किया गया, सेवा कितनी देर में पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाने में कितना समय लगा। इन सवालों के जवाब ही पूरे विवाद की वास्तविक स्थिति स्पष्ट कर सकेंगे।












