
- घर में घुसकर हाथी ने खाया अनाज, फिर ढहा दी दीवार; खिड़की से कूदकर बच्चों ने बचाई जान, हाथी के हमले से बेघर हुआ परिवार
सरायकेला : चांडिल वन क्षेत्र में जंगली हाथियों का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाथियों की आवाजाही अब ग्रामीणों के लिए जानलेवा खतरा बनती जा रही है। बुधवार देर रात कुकड़ू प्रखंड के पारगामा गांव में एक जंगली हाथी ने जीतू महतो के घर पर हमला कर दिया। हाथी ने पहले घर में घुसकर रखा अनाज खाया और फिर दीवार तोड़ दी। घटना के समय घर के अंदर जीतू महतो की पत्नी और उनके दो बच्चे सो रहे थे। अचानक हाथी के घर में घुसने से परिवार में चीख-पुकार मच गई। किसी तरह बच्चों और उनकी मां ने भागकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन परिवार का आशियाना बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
खिड़की से कूदकर बच्चों ने बचाई जान
घटना इतनी भयावह थी कि परिवार को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हाथी के घर में घुसते ही दोनों बच्चे खिड़की के रास्ते बाहर निकलकर किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे। वहीं, उनकी मां घर के अंदर ही दुबककर बैठ गईं। महिला के अनुसार, हाथी ने कई बार उनकी ओर हमला करने की कोशिश की। इस दौरान उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए घर में रखा अनाज हाथी की तरफ फेंककर उसे शांत करने का प्रयास किया। इसी बीच हाथी ने अचानक जोरदार धक्का मारा, जिससे महिला खिड़की से बाहर गिर गईं। हालांकि, इस तरह वह भी हाथी की चपेट में आने से बच गईं।
दीवार गिरती तो हो सकता था बड़ा हादसा
हाथी के हमले में घर की दीवार बुरी तरह टूट गई। संयोग अच्छा था कि दीवार परिवार के सदस्यों की तरफ नहीं गिरी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद परिवार के सामने रहने और खाने का संकट खड़ा हो गया है। घर क्षतिग्रस्त होने के कारण अब उनके सामने सुरक्षित ठिकाने की चिंता है। घटना के बाद मां के साथ आंगन में बैठे दोनों बच्चे रोते-बिलखते नजर आए। एक तरफ बच्चों की जान बचने की राहत है, तो दूसरी तरफ परिवार के सामने सिर छिपाने की जगह और भोजन की चिंता है।
आठ साल से गांवों में हाथियों का डेरा, शाम होते ही बढ़ती है दहशत
ग्रामीणों का कहना है कि ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के चारों प्रखंडों के विभिन्न जंगलों और ग्रामीण इलाकों में पिछले करीब आठ वर्षों से हाथियों के झुंड की आवाजाही बनी हुई है। ग्रामीणों के मुताबिक, दलमा गज परियोजना क्षेत्र के जंगलों से हाथियों का झुंड निकलकर दूसरे जंगलों में पहुंच रहा है। जंगल में भोजन और पानी की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने के कारण हाथी शाम ढलते ही भोजन-पानी की तलाश में गांवों की ओर रुख करते हैं। इस दौरान खेतों में लगी फसल और घरों में रखे अनाज को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ मकानों को भी क्षतिग्रस्त कर रहे हैं। इससे ग्रामीणों में हर समय अनहोनी का डर बना रहता है।
सूचना देने के बाद भी नहीं पहुंची टीम, ग्रामीणों में आक्रोश
घटना के बाद ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि चांडिल वन क्षेत्र पदाधिकारी और वनरक्षी सागर को हाथियों की गतिविधियों तथा गांव में उत्पात की सूचना दी गई, लेकिन समय पर कोई टीम मौके पर नहीं पहुंची। ग्रामीणों का कहना है कि सरायकेला-खरसावां के डीएफओ सवा आलम अंसारी से कई बार हाथियों को भगाने के लिए गुहार लगाई गई। दलमा वाइल्डलाइफ सेंचुरी से भी हाथियों को खदेड़ने और उनकी गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए पहल करने की मांग की गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
त्योहार की खुशियों के बीच हाथियों का खौफ
एक ओर ग्रामीण दीपावली, बंदना और सोहराय पर्व की तैयारी में जुटे हैं, वहीं दूसरी ओर हाथियों के आतंक ने उनकी चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों का कहना है कि त्योहार के समय भी उन्हें रात में घरों से बाहर निकलने और बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहना पड़ता है। हाथियों के गांव में प्रवेश करने की आशंका से लोग शाम होते ही सहमे रहते हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की निगरानी के लिए विशेष टीम गठित करने, संवेदनशील गांवों में समय पर गश्ती कराने और हाथियों के आबादी में प्रवेश करने से पहले उन्हें सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ने की व्यवस्था करने की मांग की है।
पीड़ित परिवार को राहत देने की मांग
ग्रामीणों ने वन विभाग और जिला प्रशासन से जीतू महतो के परिवार को तत्काल राहत सामग्री, खाद्यान्न और सुरक्षित आवास की व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही क्षतिग्रस्त मकान का आकलन कर नियमानुसार मुआवजा देने की भी मांग उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथी-मानव संघर्ष की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराने की व्यवस्था मजबूत नहीं हो पा रही है। अब सवाल यह है कि आखिर कब तक ग्रामीण हाथियों के डर के साये में जीने को मजबूर रहेंगे और वन विभाग कब ठोस कदम उठाएगा?












