
- तेज रफ्तार कार ने ऑटो को मारी जोरदार टक्कर, हादसे के बाद मची चीख-पुकार
गिरिडीह : गिरिडीह के बगोदर थाना क्षेत्र में जीटी रोड पर गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में महिला की जान चली गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। औंरा पेट्रोल पंप के समीप सुबह करीब तीन बजे तेज रफ्तार कार ने पीछे से ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो सवार दंपती हादसे का शिकार हो गए। दुर्घटना में पत्नी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मृतका की पहचान बगोदर थाना क्षेत्र के खेतको निवासी 52 वर्षीय गीता देवी के रूप में हुई है। वहीं, ऑटो चला रहे उनके 58 वर्षीय पति भगीरथ साव गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
टक्कर के बाद गंभीर रूप से घायल हुआ ऑटो चालक
जानकारी के अनुसार, गुरुवार तड़के करीब तीन बजे कार संख्या डब्ल्यूबी 16 एभी 5159 जीटी रोड से गुजर रही थी। इसी दौरान औंरा पेट्रोल पंप के पास कार ने आगे चल रहे ऑटो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दंपती को गंभीर चोटें आईं। गीता देवी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
ट्रामा सेंटर से बेहतर इलाज के लिए रेफर
दुर्घटना की सूचना मिलते ही बगोदर थाना प्रभारी राजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल घायल भगीरथ साव को इलाज के लिए बगोदर ट्रामा सेंटर पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने दोनों वाहनों को किया जब्त
पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटना में शामिल कार और ऑटो को भी जब्त कर लिया गया है। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।












