
- सिदगोड़ा सब्जी बाजार के पास हादसा, सड़क पर गिरते ही बेहोश हुए बुजुर्ग; बेटे ने थाने में दिया आवेदन, CCTV फुटेज खंगालकर अज्ञात बाइक चालक की पहचान करने की मांग
जमशेदपुर : दीपावली की खुशियों के बीच सिदगोड़ा में एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। सब्जी खरीदकर घर लौट रहे 61 वर्षीय बुजुर्ग को एक अज्ञात तेज रफ्तार बाइक चालक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके हाथ और पैर में फ्रैक्चर आया है। छाती और सिर में भी गंभीर चोटें लगी हैं। फिलहाल उनका इलाज टाटा मोटर्स अस्पताल में चल रहा है।
मेन रोड पार करते समय बाइक ने मारी टक्कर
घटना दीपावली के दिन रविवार की बताई गई है। सिदगोड़ा रोड नंबर-3, क्वार्टर नंबर एल-5/39 निवासी शशि भूषण कुमार श्रीवास्तव (61) सिदगोड़ा सब्जी बाजार में खरीदारी करने गए थे। वहां से अपने क्वार्टर लौटने के दौरान जब वह मेन रोड पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रहे एक अज्ञात बाइक चालक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
सड़क पर गिरते ही हो गए बेहोश
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बुजुर्ग सड़क पर गिर पड़े और बेहोश हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की गाड़ी मौके पर पहुंची और उन्हें तत्काल टेल्को अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
बाएं कंधे में क्रैक, पैर टूटा; छाती और सिर में भी चोट
परिजनों के मुताबिक, हादसे में शशि भूषण कुमार श्रीवास्तव के बाएं कंधे में क्रैक आया है और पैर टूट गया है। इसके अलावा छाती में गंभीर चोटें आई हैं तथा सिर में भी गहरी चोट लगी है। उनकी हालत अभी भी चिंताजनक बताई जा रही है।
CCTV फुटेज से बाइक चालक की पहचान की मांग
घटना के बाद घायल के बेटे सूरज कुमार ने सिदगोड़ा थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर अज्ञात बाइक चालक की पहचान करने तथा उसके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
भीड़भाड़ वाले इलाके में तेज रफ्तार पर उठे सवाल
सिदगोड़ा सब्जी बाजार के आसपास काफी भीड़ रहती है। ऐसे इलाके में तेज रफ्तार से वाहन चलाना राहगीरों के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। अब परिजनों की मांग है कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बाइक चालक तक पहुंचे और उसके खिलाफ कार्रवाई करे।
फिलहाल परिवार की चिंता घायल बुजुर्ग की सेहत को लेकर बनी हुई है। दीपावली के दिन हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियों को चिंता और परेशानी में बदल दिया है।












