
- भालुककोचा के पास NH-18 न्यू बायपास पर हुआ हादसा, स्थानीय लोगों ने घायलों को पहुंचाया चांडिल सीएचसी
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में गुरुवार को सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। चांडिल-पुरुलिया राष्ट्रीय राजमार्ग NH-18 के न्यू बायपास पर भालुककोचा के समीप एक ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक को गंभीर चोटें आई हैं। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर किया गया है।
साप्ताहिक हाट से लौट रहे थे दोनों युवक
मिली जानकारी के अनुसार, महादेव महतो और प्रयागराज महतो मोटरसाइकिल से चांडिल के साप्ताहिक हाट बाजार गए थे। बाजार से खरीदारी के बाद दोनों बाइक से अपने घर रावताड़ा लौट रहे थे। इसी दौरान भालुककोचा के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को चांडिल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों को एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। इनमें प्रयागराज महतो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बुआ के घर आया था धनबाद का युवक
घायल महादेव महतो चांडिल के रावताड़ा निवासी हैं, जबकि गंभीर रूप से घायल प्रयागराज महतो मूल रूप से धनबाद के रहने वाले हैं। बताया जाता है कि प्रयागराज इन दिनों रावताड़ा स्थित अपने बुआ के घर आए हुए थे। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है।












