
जमशेदपुर : लोक आस्था के महापर्व छठ पर श्रद्धालुओं की सेवा के लिए सौरभ विष्णु फाउंडेशन ने बड़ा कदम उठाया है। इस वर्ष छठ व्रतियों के बीच 30 क्विंटल लौकी का निःशुल्क वितरण किया जाएगा। पिछले साल फाउंडेशन की ओर से पांच क्विंटल लौकी बांटी गई थी। श्रद्धालुओं से मिले सहयोग और प्रोत्साहन के बाद इस बार वितरण का लक्ष्य छह गुना बढ़ा दिया गया है। 12 नवंबर 2026 को जमशेदपुर के सात अलग-अलग केंद्रों पर यह सेवा अभियान चलाया जाएगा।
इस संबंध में जन विकास मंच के अध्यक्ष सौरभ विष्णु के नेतृत्व में मानगो स्थित राजस्थान भवन में सौरभ विष्णु फाउंडेशन की बैठक हुई। बैठक में सर्वसम्मति से 30 क्विंटल लौकी वितरण का निर्णय लिया गया। इसके तहत कदमा में दो स्थानों, सोनारी में एक, साकची में एक और मानगो में तीन स्थानों पर श्रद्धालुओं को निःशुल्क लौकी उपलब्ध कराई जाएगी।
सौरभ विष्णु ने बताया कि पिछले वर्ष छठ पूजा के अवसर पर ही सौरभ विष्णु फाउंडेशन की स्थापना की गई थी। स्थापना के मौके पर मानगो में पांच क्विंटल लौकी का वितरण किया गया था। लोगों का भरपूर सहयोग, विश्वास और स्नेह मिलने के बाद इस वर्ष सेवा अभियान को बड़े स्तर पर आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व केवल आस्था और उपासना का पर्व नहीं, बल्कि पवित्रता, अनुशासन और सेवा की भावना का भी प्रतीक है। छठ व्रतियों को पूजा की तैयारी में सहयोग देना फाउंडेशन का उद्देश्य है। उन्होंने संकल्प जताया कि छठी मईया की कृपा और सदस्यों के सहयोग से इस सेवा अभियान का हर साल विस्तार किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालुओं तक सहायता पहुंचाई जा सके।
सात केंद्रों पर होगी व्यवस्था
फाउंडेशन की ओर से तैयार योजना के अनुसार कदमा में दो, सोनारी में एक, साकची में एक और मानगो में तीन वितरण केंद्र बनाए जाएंगे। इन केंद्रों के माध्यम से छठ व्रतियों के बीच कुल 30 क्विंटल लौकी का निःशुल्क वितरण होगा। फाउंडेशन का लक्ष्य इस सेवा पहल को निरंतर जारी रखना और आने वाले वर्षों में इसे और व्यापक बनाना है।
बैठक में ये लोग रहे उपस्थित
बैठक में संजीव कुमार गुना, सुमन शर्मा, आशीष गुप्ता, नीलकमल शेखर, अनिल सिंह, अजय कुमार सिंह, विभूति जेना, विवेक, मुकेश, के. गिरी, दशरथ चौबे, भगवान मिश्रा, राम अवधेश चौबे, कुंती भारती, पंकज तिवारी, किशोर, चंदना बनर्जी और शशि भूषण सहित अन्य लोग उपस्थित थे।












