
- सरायकेला के छोटा लापांग गांव में कुल्हाड़ी से वार कर युवक की हत्या, प्रेमिका के परिजनों पर परिवार ने लगाया आरोप; पुलिस ने मोबाइल जब्त कर शुरू की जांच
तिरुलडीह : सरायकेला-खरसावां जिले के तिरुलडीह थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग को लेकर एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। छोटा लापांग गांव निवासी 19 वर्षीय पंकज गोप की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी गई। मंगलवार की शाम फोन कर उसे घर से बाहर बुलाया गया था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। बुधवार की सुबह गांव के चौक के पास झाड़ी में उसका खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने प्रेमिका के परिवार के लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

फोन आया और घर से निकल गया पंकज, फिर नहीं लौटा
परिजनों के अनुसार, मंगलवार की शाम पंकज के मोबाइल पर फोन आया था। फोन आने के बाद वह घर से बाहर निकला, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिवार के लोगों ने रातभर उसकी तलाश की। बुधवार की सुबह ग्रामीणों ने गांव के चौक के आसपास झाड़ी में उसका शव पड़ा देखा। शव पर खून लगा हुआ था। इसके बाद तत्काल तिरुलडीह थाना पुलिस को सूचना दी गई।

कुल्हाड़ी से वार कर हत्या का आरोप
मृतक के परिजनों का आरोप है कि पंकज को फोन कर सुनियोजित तरीके से घर से बाहर बुलाया गया था। इसके बाद लड़की के परिजनों ने घात लगाकर उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस ने मोबाइल फोन किया जब्त, प्रेमिका और मां से पूछताछ
घटना की सूचना मिलने पर बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे तिरुलडीह पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला भेज दिया। पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन भी जब्त किया है। मामले में प्रेमिका और उसकी मां से थाने में पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आई है।
गांव पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ
गुरुवार सुबह तिरुलडीह पुलिस पशुपति गोप और उनके परिवार के सदस्यों से पूछताछ करने पहुंची। पुलिस ग्रामीणों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है। मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
परिवार में मातम, न्याय की मांग
पंकज की हत्या के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजन आरोपितों की गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार देर शाम शव गांव लाया गया, जहां अंतिम संस्कार किया गया। परिवार के लोगों ने गांव में भय और असुरक्षा का माहौल होने की बात कही है।
फिलहाल पुलिस जांच जारी है। हत्या के आरोपों की पुष्टि और घटना में शामिल लोगों की भूमिका जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।












